सम्राट चौधरी के सिर से 22 महीने बाद हटेगा मुरैठा नीतीश को कुर्सी से हटाने का लिया था संकल्प, काफिले के साथ अयोध्या रवाना
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के सिर का मुरैठा 22 महीने बाद कल यानी बुधवार को अयोध्या में हटेगा। इसको लेकर डिप्टी सीएम काफिले के साथ पटना से अयोध्या के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके साथ सरकार के मंत्री और पार्टी के पदाधिकारी भी गए हैं।
अयोध्या में सरयू नदी में अपने बालों को अर्पित करने के साथ-साथ सम्राट चौधरी मुरैठा भी अर्पित करेंगे। इसके बाद रामलला का पूजन-दर्शन करने के साथ ही सरयू आरती में शामिल होंगे।
अयोध्या जाने से पहले सम्राट चौधरी ने कहा कि हमारा कमिटमेंट नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के पद से हटाने का था। यह कमिटमेंट पूरा होने पर मुरैठा खोलेंगे। यह संकल्प 28 जनवरी को पूरा हुआ। महागठबंधन से हटकर वो हमारे साथ आकर मुख्यमंत्री बने। हमने इसका स्वागत किया। 28 जनवरी को बिहार में एनडीए की सरकार बनी।
सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने इस्तीफा दिया और इस्तीफा देने के बाद हमने यह कहा था कि अब इस मुरैठा की जरूरत नहीं है। प्रभु राम के चरणों में जाकर अपने मुरैठा को समर्पित करेंगे। चुनाव कार्य में व्यस्त होने के कारण नहीं जा पाए। अब चुनाव कार्य खत्म हो गए हैं। बिहार की जनता ने 75 प्रतिशत मार्क्स के साथ 40 में 30 सीटें दी है। बिहार की जनता को भी धन्यवाद देता हूं।
आपको बता दे कि 28 जनवरी को सरकार बनने के बाद 29 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सम्राट चौधरी ने कहा था कि भाजपा मेरे लिए दूसरी मां है। विरोधी दल के नेता के तौर पर मुरैठा बांधा था। वहीं, पार्टी के सम्मान में अगर हमें सर भी मुरवाना पड़े तो मैं तैयार हूं। मैं अयोध्या जा रहा हूं। वहीं बाल कटवाऊंगा।
वहीं, सम्राट चौधरी के मुरैाठा खोलने पर राजद ने भाजपा पर हमला किया है। राजद के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि सम्राट चौधरी अपने संकल्पों पर नहीं टिक पाए। उन्होंने संकल्प लिया था कि मैं पगड़ी तब तक नहीं उतारुंगा, जब तक नीतीश कुर्मा को गद्दी से नहीं उतार दूंगा। लेकिन, भाजपा और सम्राट चौधरी आज उन बातों को भूल गए। अब अयोध्या जाकर पगड़ी उतार रहे हैं।
राजद ने मांग की है कि सम्राट चौधरी को सार्वजनिक रूप से ये बात कहनी चाहिए। बिहार की जनता को बताना चाहिए कि नीतीश कुमार को सत्ता से बेदखल करने के बजाय सत्ता में बनाए रखने की बात करने लगे हैं। कहीं न कहीं स्वार्थ और सत्ता में बने रहने की भाजपा की सोच रही है। यह भाजपा की कुर्सी के प्रति प्रेम को दिखाता है। बीजेपी को बिहार के हितों से कोई मतलब नहीं है। स्वार्थ की राजनीति के लिए नीतीश कुमार के प्रति समर्पण किया है।
वही आपको बता दे कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सितंबर 2022 में अपनी मां के निधन के बाद मुरैठा बांधा था। मुरैठा बांधते हुए उन्होंने संकल्प लिया था कि वो इसे तभी खोलेंगे, जब नीतीश कुमार को सीएम की कुर्सी से हटा देंगे। जब वो यह संकल्प ले रहे थे, तब बिहार में महागठबंधन की सरकार थी। नीतीश कुमार सीएम और तेजस्वी यादव डिप्टी सीएम थे।
