नगर निगम सशक्त स्थायी समिति में पुराने चेहरों का दबदबा, दो नए सदस्यों की हुई एंट्री

Live News 24x7
3 Min Read

गयाजी। नगर निगम सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों के चयन को लेकर हुए चुनाव में पांच पुराने और दो नए सदस्यों ने जीत दर्ज की है। इस रोमांचक और प्रतिष्ठापूर्ण मुकाबले में पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव समेत पांच पुराने सदस्यों ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित की। वहीं दो नए चेहरों ने भी समिति में जगह बनाकर सबका ध्यान खींचा है।

चुनाव में विजयी उम्मीदवारों में पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, विनोद प्रसाद यादव, चुन्नू खान, तबस्सुम परवीन और मनोज कुमार शामिल हैं, जिन्होंने दोबारा जीत हासिल की। वहीं सारिका वर्मा और उपेंद्र कुमार पहली बार समिति के सदस्य चुने गए। वहीं समिति के पुराने सदस्य वार्ड संख्या 1 की स्वर्णलता वर्मा इस बार चुनाव हार गईं हैं।

नगर निगम की इस अहम समिति की सात सीटों के लिए कुल 14 प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक हलचल तेज थी। पार्षदों के बीच संख्या बल और गुटीय समीकरण को लेकर लगातार जोड़तोड़ चल रही थी। चुनाव को सत्ता पक्ष की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा था, जिसके कारण मुकाबला बेहद दिलचस्प बना रहा है।

मतगणना पूरी होने और परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला हू। विजयी सदस्य जैसे ही बाहर निकले, समर्थकों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया और जिंदाबाद के नारे लगाए। मौके पर नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने सभी विजयी सदस्यों को मिठाई खिलाकर बधाई दी है।

जीत के बाद पत्रकारों से बातचीत में निर्वाचित सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि अगले छह महीनों के अंदर शहर में व्यापक विकास कार्य दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में प्रदूषण नियंत्रण के लिए आधुनिक प्रदूषण मुक्त टावर लगाए जाएंगे। नगर निगम क्षेत्र में जहां अब तक मैकेनिकल स्वीपिंग की व्यवस्था नहीं पहुंची है, वहां एक माह के भीतर सफाई व्यवस्था शुरू कराई जाएगी। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण में गया को देश के टॉप-10 शहरों में शामिल कराने का लक्ष्य भी रखा है।

इसके अलावा शहर में आधुनिक बस स्टॉप, वार्ड स्तर पर पुस्तक भवन और गली-गली एलईडी लाइट लगाने जैसी योजनाओं को भी जल्द पूरा करने का दावा किया गया है।

28
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *