अशोक वर्मा
मोतिहारी : सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मोतिहारी नगर थाना द्वारा पूजा की पूर्व संध्या पर आज फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अशांति या कानून व्यवस्था में खलल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।फ्लैग मार्च नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों, मुख्य सड़कों और पूजा पंडालों के आसपास से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने आम लोगों से संवाद कर शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा सभी पूजा समितियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी हालत में डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा और न ही अश्लील या भड़काऊ गाने बजाए जाएंगे। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूजा पंडालों में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
14
