मोतिहारी : ‘पुलिस दीदी’ बनकर पिंक स्कूटी से निकलीं महिला पुलिसकर्मी, छात्राओं से जाना हाल

Live News 24x7
2 Min Read

मोतिहारी। बेटियों को सुरक्षित और निर्भीक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘पुलिस दीदी’ अभियान अब शहर में सक्रिय रूप से दिखाई देने लगा है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर नगर थाना की एसआई निवेदिता कुमारी अपनी टीम के साथ पिंक स्कूटी से शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर छात्राओं और युवतियों से सीधा संवाद कर रही हैं।

अभियान के तहत महिला पुलिस पदाधिकारी एलएनडी कॉलेज के मुख्य द्वार पर पहुंचीं और वहां मौजूद छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने कॉलेज आने-जाने के दौरान होने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से छेड़खानी, अभद्र टिप्पणियों और मनचलों की गतिविधियों को लेकर भी खुलकर बात की गई।

एसआई निवेदिता कुमारी ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर उन्हें डरने या चुप रहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इस दौरान छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन पुलिस सेवा 112 की जानकारी दी गई। महिला पुलिस पदाधिकारी ने अपना संपर्क नंबर भी छात्राओं के साथ साझा किया, ताकि जरूरत पड़ने पर वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें।

पुलिस का कहना है कि ‘पुलिस दीदी’ अभियान का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ उनकी समस्याओं को सीधे सुनना और उनका समाधान करना है। कॉलेज, बाजार और अन्य संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जा रही है।

महिला पुलिस पदाधिकारी से सीधे संवाद को छात्राओं ने भी सकारात्मक पहल बताया। छात्राओं का कहना था कि महिला पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचने से अपनी समस्याएं साझा करने में उन्हें अधिक सहजता महसूस होती है। अभियान से छात्राओं में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ने की उम्मीद है।

13
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *