मोतिहारी। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में यूरिया खाद की अवैध आवाजाही के खिलाफ एसएसबी, पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
10 सितंबर को 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में डी समवाय, सीमा चौकी कोरैया की टीम ने दरपा थाना पुलिस और कृषि विभाग, छौड़ादानो के सहयोग से बथुआहिया गांव स्थित एक गोदाम की जांच की।
जांच के दौरान गोदाम से 208 बोरी तथा बाहर खड़े 12-पहिया ट्रक से 296 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। इस तरह कुल 504 बोरी यूरिया जब्त की गई, जिसका वजन 22,680 किलोग्राम यानी 22.68 मीट्रिक टन है।
मौके से यूरिया लदे 12-पहिया ट्रक को भी जब्त किया गया। अधिकारियों के अनुसार, खाद को भारत से नेपाल ले जाने के उद्देश्य से भंडारित किए जाने की आशंका है।
कार्रवाई के समय संबंधित व्यक्ति और ट्रक चालक मौके पर मौजूद नहीं थे। खाद के संबंध में कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किया गया।
जब्त यूरिया और ट्रक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दरपा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। कृषि विभाग ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाना में लिखित आवेदन दिया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
30