नीतीश कुमार दिखे पुराने अंदाज में, सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए लालूराज को कोसा

Live News 24x7
3 Min Read

सासाराम। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान डेहरी में एक जनसभा को संबोधित किया। नीतीश कुमार ने एक बार फिर अपने चिर-परिचित अंदाज में पुराने दिनों की याद दिलाते हुए कहा कि 2005 में पहली बार जब एनडीए सरकार बनी तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सभी लोग जानते हैं कि पहले बहुत बुरा हाल था। लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। समाज में हिन्दू-मुस्लिम झगड़ा होता था और शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक, बिजली आदि की स्थिति खराब थी। लेकिन जब हम लोग सरकार में आए तो हर क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से शुरू कराया। आज प्रदेश में किसी प्रकार के डर एवं भय का वातावरण नहीं है और लोग प्रेम, भाईचारा एवं शांति के साथ रह रहे हैं।

सरकार की गिनाई उपलब्धियां

दरअसल नीतीश कुमार ने अपने संबोधन के दौरान ज्यादातर समय अपनी सरकार की उपलब्धियां हीं गिनाईं। लगभग 45 मिनट के संबोधन के दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क रोजगार, पर्यटन, कृषि आदि के क्षेत्र में अबतक किए गए कार्यों का लेखा-जोखा रखा और बीच-बीच में बिहार के पुराने दिनों की याद भी दिलाते रहे।

कानून व्यवस्था के बहाने पूर्ववर्ती सरकार को घेरा

नीतीश कुमार ने बिहार में कानून व्यवस्था में हुए बदलाव का भी जिक्र किया और कहा कि 20 साल पहले शाम होते ही लोग अपने दरवाजे बंद कर लेते थे, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और विकास का माहौल बना है। समृद्धि यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का फोकस गांव-गांव तक विकास पहुंचाने पर है, जिससे बिहार को एक नई दिशा मिल रही है।

वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण

अपनी समृद्धि यात्रा के क्रम में सबसे पहले नीतीश कुमार ने डेहरी स्थित सोन नदी पर बन रहे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कई दिशा निर्देश जारी किए। बता दें कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 में बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत सासाराम, डेहरी एवं औरंगाबाद शहर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का शिलान्यास किया था, जो वर्ष 2027 तक पूरा हो जाएगा।

रोहतास को मिली कई योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को रोहतास जिले में 480.09 करोड रुपए की लागत से 308 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। उन्होंने डेहरी शहर के बीएमपी स्थित कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न योजनाओं के शिलापट्ट का अनावरण कर रिमोट से शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विकास योजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की और उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

1
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *