जिले के 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को मिला राज्यस्तरीय एनक्यूएएस प्रमाणीकरण

Live News 24x7
3 Min Read
अब नेशनल प्रमाणीकरण को लेकर हो रही तैयारी
मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण के 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) पर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने क़ो लेकर राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत राज्यस्तरीय प्रमाणीकरण किया गया है। इसके चयन हेतु राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से गठित कमिटी के सदस्यों के द्वारा स्वास्थ्य संस्थान का आंतरिक मूल्यांकन किया गया था, जिसमें कुल 34 आयुष्मान आरोग्य मंदिर का मूल्यांकन हुआ। इसमें 70 प्रतिशत से अधिक अंक लानेवाले जिले के 10 स्वास्थ्य केंद्र चयनित हुए। जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीसी भारत भूषण ने बताया कि अभी अन्य 24 स्वास्थ्य संस्थान की रिपोर्ट आनी बाकी है। इसमें भी अधिकांश सफल होगा।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत प्रमाणीकरण किया जा रहा है। इसमें स्वास्थ्यकर्मियों का बेहतर योगदान है। डीपीसी भारत भूषण ने कहा कि राज्यस्तरीय प्रमाणीकरण के बाद अब जल्द ही नेशनल प्रमाणीकरण के लिए सक्षम पोर्टल के माध्यम से अप्लाई किया जाएगा। इसके बाद केंद्रीय टीम की ओर से असेसमेंट किए जाने के बाद निर्धारित स्कोर मिलने पर नेशनल सर्टिफिकेट मिलेगा। इसके बाद प्रतिवर्ष उन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर को सरकार द्वारा 1 लाख 26 हजार की राशि दी जाएगी जिसे एचडब्ल्यूसी के उन्नयन में खर्च किया जाएगा।
इन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का हुआ प्रमाणीकरण:
पिरामल के डीसी राजेश गिरी ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र प्रदान करने के लिए बखरी, फुलवरिया, लखनी, सरैया, धनहर दिहुली, बड़कागाँव, परसौनी वाजिद, मछड़गँवा, साऊथ नोनिया, कैथवालिया आदि कुल 10 का चयन हुआ। विशेषज्ञों की टीम द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर की सेवाओं और संतुष्टि स्तर का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है। इनमें उपलब्ध सेवाएँ, मरीजों के अधिकार, इनपुट, सपोर्ट सर्विसेस, क्लिनिकल सर्विसेस, इन्फेक्शन कंट्रोल, गुणवत्ता प्रबंधन और आउटकम जैसे पैरामीटर शामिल हैं। प्रमाणीकरण के लिए कम से कम 70 प्रतिशत अंक अनिवार्य होता है। इन कड़े मानकों पर खरा उतरने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिर को ही गुणवत्ता प्रमाण-पत्र जारी किये जाते हैं।आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को राज्यस्तरीय एनक्यूएएस प्रमाणीकरण पर जिले के सिविल सर्जन डॉ रविभूषण श्रीवास्तव, डीपीएम ठाकुर विश्वमोहन, डैम अभिजीत भूषण, महामारी पदाधिकारी डॉ राहुल राज, डीसीएम नंदन झा, अनुश्रवण पदाधिकारी अमानुल्लाह अमन ने बधाई दी।
111
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *