खबर बिहार के गोपालगंज जिले की है जहां गोपालगंज के पुलिस लाइन से चुनाव कराने सुपौल जाने की तैयारी कर रहे जवानों के साथ बड़ा हादसा हो गया। सड़क पर खड़ी जवानों की तीन बसों को पीछे से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। इसमें मौके पर पुलिस के दो जवानों की मौत हो गई। जबकि तीसरे जवान की मौत इलाज के दौरान हुई है।
हादसे में 32 जवान गंभीर रूप से घायल हैं। वही एक जवान दो बसों के बीच फंस गया था। साथी सिपाही ने बताया कि बस के ड्राइवर खाना खाने गए थे, इसलिए तीनों बसें खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मारी और बाकी बसें भी आपस में टकरा गईं। जिससे यह हादसा हुआ।
वही घटना को लेकर एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि घटना में हमारे 3 जवान की मौत हुई है। करीब 15 जवान घायल हुए हैं। दो लोगों को रेफर किया गया है। फिलहाल हालत सामान्य है। सभी लोग चुनाव कराने सुपौल जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार जवानों की बस सिधवलिया थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर खड़ी थी। फिलहाल घायलों का इलाज सदर हॉस्पिटल में जारी है। मृतक जवानों के नाम पवन महतो, अशोक उरांव और दिग्विजय है।
वही घटना को लेकर घायल सिपाही शंकर कुमार ने बताया कि मैं बस में ही बैठा था। नाश्ता करने रुका था तभी हादसा हो गया। तीनों बस में कंटेनर ने पीछे से टक्कर मारी है। मेरी बस में पीछे से टक्कर मारी जिसके बाद आगे की दो बस में टक्कर लग गई।
