कैमूर/रामगढ़। आर्मी जवान शत्रुधन यादव से जुड़े चर्चित मामले में शुक्रवार की देर शाम रामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीआर बॉन्ड पर छोड़े गए तीनों आरोपितों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद मामले ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ मिले साक्ष्यों और जांच के अन्य पहलुओं को आधार बनाकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहूका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुधन यादव से जुड़ी घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इस मामले में ब्रजेश कुमार सिंह, बीरेंद्र यादव और दीपक यादव को पहले गिरफ्तार किया गया था। पुलिस द्वारा करीब 40 घंटे तक मामले की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल किए जाने के बाद तीनों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया था।
तीनों के छोड़े जाने के बाद जवान के परिजन और ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। शुक्रवार को जवान की पत्नी बिंदु कुमारी सिंह, उनके भाई और ग्रामीण रामगढ़ थाना पहुंचे तथा मामले में दोबारा कार्रवाई की मांग की। इसके बाद परिजनों ने कैमूर एसपी शिखर चौधरी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए न्याय की गुहार लगाई।
परिजनों की एसपी से मुलाकात के बाद मामले में घटनाक्रम तेजी से बदला। शुक्रवार की देर शाम रामगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपितों को रामगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित उनके घर से दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी थानाध्यक्ष श्रवण कुमार के द्वारा बताया गया कि अनुसंधान के दौरान तीनों आरोपितों के विरुद्ध कुछ साक्ष्य मिले हैं। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार की देर शाम तीनों की दोबारा गिरफ्तारी की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके।
गौरतलब है कि 9 सितंबर की अहले सुबह रामगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर-1 में खड़ी स्कॉर्पियो में सहूका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुधन यादव के गंभीर रूप से घायल होने की घटना सामने आई थी। इसके बाद जवान के फर्द बयान के आधार पर रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अब तीनों आरोपितों की दोबारा गिरफ्तारी के बाद पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। खासकर जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के सत्यापन से मामले की दिशा और स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
13