मोतिहारी : आदापुर में अवैध भंडारण पर छापा, 308 बैग यूरिया खाद जब्त

Live News 24x7
2 Min Read

मोतिहारी। आदापुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर में अवैध रूप से भंडारित यूरिया खाद के खिलाफ 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। 10 सितंबर को कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

एसएसबी की सी-समवाय, बाह्य सीमा चौकी बेलदरवामठ ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और आदापुर थाना पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाकर श्यामपुर रेलवे फाटक स्थित मैसर्स विजय खाद एवं बीज भंडार के गोदाम व दुकानों में छापेमारी की।

जांच के दौरान पांच दुकानों और गोदामों से कुल 308 बैग यूरिया खाद बरामद हुई। प्रत्येक बैग 45 किलोग्राम का था। इस तरह कुल 13,860 किलोग्राम यानी 13.86 मीट्रिक टन यूरिया अवैध रूप से भंडारित पाया गया।

छापेमारी से पहले दुकानदार मौके से फरार हो गया था और सभी दुकानों व गोदामों में ताला लगा था। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में ताले खुलवाकर जांच की गई और खाद जब्त कर ली गई।

जब्त यूरिया को कृषि विभाग ने जिम्मेनामा के आधार पर श्यामपुर स्थित सागर खाद भंडार के संचालक सुभाष चंद्र गुप्ता को सुपुर्द किया है। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कृषि विभाग ने आदापुर थाने में लिखित आवेदन दिया है।

कार्रवाई में एसएसबी के सहायक कमांडेंट आकाश यादव समेत एसएसबी जवान, आदापुर थाना पुलिस, प्रखंड कृषि पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी की टीम शामिल रही।

26
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *