मोतिहारी : उत्पाद विभाग के गेट पर 100 रुपये वसूली का वीडियो वायरल, जांच के लिए टीम गठित

Live News 24x7
2 Min Read

मोतिहारी में उत्पाद विभाग के कार्यालय गेट पर परिजनों से कथित तौर पर 100 रुपये वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में उत्पाद थाना में पकड़े गए लोगों से मिलने पहुंचे उनके परिजनों से गेट पर तैनात होमगार्ड जवानों द्वारा रुपये लिए जाने का दावा किया जा रहा है।

वीडियो में एक व्यक्ति अपने पकड़े गए परिजन से मिलने के लिए उत्पाद विभाग के कार्यालय पहुंचता दिखाई दे रहा है। गेट पर तैनात महिला होमगार्ड जवान उसे रुपये देने का तरीका बताती दिख रही है। बातचीत के दौरान जवान द्वारा कथित तौर पर यह भी कहा जा रहा है कि इसमें ऊपर तक हिस्सा जाता है।

इसके बाद संबंधित व्यक्ति 100 रुपये का नोट देता है, जिसके बाद उसे कार्यालय के अंदर जाने दिया जाता है। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद सहायक आयुक्त कार्यालय, उत्पाद के अधिकारी ओम प्रकाश ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर वीडियो में दिख रहे दोषी होमगार्ड जवान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उत्पाद विभाग में इस तरह की वसूली की शिकायतें पहले भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

38
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *