कैमूर : भभुआ बाल सुधार गृह में कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Live News 24x7
2 Min Read

भभुआ। कैमूर जिले के भभुआ स्थित बाल सुधार गृह में बंद एक कैदी की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद बाल सुधार गृह की व्यवस्था और कैदी को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मृतक के परिजनों ने मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, कैदी को गुरुवार को भभुआ कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। कोर्ट में पेशी के बाद उसे वापस बाल सुधार गृह ले जाया गया। बताया जा रहा है कि वहां खाना खाने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होने पर उसे आनन-फानन में इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पुलिस टीम भी पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। अस्पताल में मौजूद परिजनों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने जांच के आदेश दिए हैं। अब जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि कैदी की तबीयत अचानक किन परिस्थितियों में बिगड़ी, उसे कब चिकित्सा सहायता दी गई और अस्पताल पहुंचने तक क्या-क्या प्रक्रिया अपनाई गई।

फिलहाल कैदी की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस टीम पूरे मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी है।

खबर लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी।

9
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *