17कैमूर के 1.78 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंची अगस्त की पेंशन, 20.61 करोड़ रुपये का भुगतान
कैमूर। जिले के लाखों पेंशनधारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अगस्त माह की पेंशन राशि गुरुवार को लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित कर दी गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यभर के पेंशनधारियों के खाते में राशि भेजी। इस दौरान कैमूर जिले के कुल 1,78,369 पेंशनधारियों को पेंशन का लाभ मिला।
प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1,100 रुपये की पेंशन राशि भेजी गई है। कैमूर जिले के पेंशनधारियों के लिए कुल 20 करोड़ 61 लाख 59 हजार 200 रुपये का भुगतान किया गया है। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी कुमार अनुराग, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा तथा जिले के पेंशन लाभार्थी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
जिलाधिकारी ने पेंशनधारियों को राशि अंतरण की बधाई देते हुए कहा कि पेंशन से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक को निर्देश दिया कि जिन लाभार्थियों को पेंशन मिलने में किसी तरह की परेशानी हो रही है, उनकी समस्या का त्वरित समाधान करते हुए भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धजन, दिव्यांगजन या विधवा महिलाएं पेंशन से जुड़ी समस्या होने पर अपनी शिकायत जिला पदाधिकारी के समक्ष भी रख सकती हैं।
आंकड़ों के अनुसार कैमूर में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 37,344, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 7,581 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना के 1,090 लाभार्थी हैं। वहीं मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,01,237, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 13,439 तथा बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के 17,678 पेंशनधारी शामिल हैं।
6,300 पेंशनधारियों को अभी कराना होगा जीवन प्रमाणीकरण
प्रशासन ने करीब 6,300 पेंशनधारियों को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। इन लाभार्थियों ने अब तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है। जीवन प्रमाणीकरण नहीं होने के कारण उन्हें पेंशन राशि का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ऐसे पेंशनधारी अपने आधार कार्ड के साथ नजदीकी CSC या वसुधा केंद्र पर जाकर जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं। यदि ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण में परेशानी आती है तो क्षेत्र के विकास मित्र से संपर्क कर भौतिक सत्यापन के माध्यम से भी प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है।
प्रशासन ने अपील की है कि पेंशनधारी समय रहते जीवन प्रमाणीकरण करा लें, ताकि उन्हें पेंशन का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे। सरकार की ओर से बताया गया है कि हर महीने की 10 तारीख को पिछले माह की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।
17
17
Leave a review
