आधुनिक, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के केंद्र होंगे सरस्वती विद्या निकेतन-जिलाधिकारी

Live News 24x7
4 Min Read

मोतिहारी। सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के शुभारंभ के अवसर पर आज जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि पूर्वी चंपारण में 28 सहित बिहार में कुल 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) का शुभारंभ हुआ है। इन विद्यालयों की स्थापना से बच्चों को आधुनिक,समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर प्राप्त होगी।

आज मुख्यमंत्री बिहार सरकार सम्राट चौधरी के कर कमलों द्वारा बेगूसराय से पूरे राज्य में सभी प्रखंड सहित कुल 551 सरस्वती विद्या केंद्र (आदर्श विद्यालयों) की स्थापना की गई जिसका वर्चुअल मोड में पूरे बिहार में प्रसारण कराया गया। पूर्वी चंपारण जिला में इससे संबंधित मुख्य समारोह का आयोजन जिला स्कूल मोतिहारी में किया गया। जिला स्कूल मोतिहारी को भी आदर्श विद्यालय के रूप में स्थापित किया गया है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और लैब की विशेष व्यवस्था होगी। विद्यालयों के लिए उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता वाली कमेटी के द्वारा किया गया है।

डीएम ने बताया कि बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की महत्त्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत पूर्वी चम्पारण जिले के 27 प्रखंडों में एक-एक मॉडल विद्यालय सहित जिला स्कूल मोतिहारी में मॉडल स्कूल स्थापना की गई है, जो जिले के लाखों बच्चों के शैक्षणिक भविष्य को एक नई दिशा देगी।

ये मॉडल विद्यालय कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं नवाचार-आधारित शिक्षा प्रदान करेंगे। प्रत्येक विद्यालय में आधुनिक शिक्षण पद्धति और सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

पूर्वी चम्पारण जिले में इन आदर्श विद्यालयों में बच्चों को अपने ही प्रखंड में उच्च स्तरीय शिक्षा सुलभ हो सकेगी।
ये विद्यालय केवल पढ़ाई के केंद्र नहीं, बल्कि अपने आस-पास के अन्य सरकारी विद्यालयों के लिए शैक्षणिक मार्गदर्शन और संसाधन-साझेदारी के केंद्र भी बनेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि इन विद्यालयों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के मानक के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्नत शिक्षा उज्जवल भविष्य” के सरकार के निश्चय अंतर्गत पूर्वी चम्पारण के बच्चों का सपना अब सरकारी विद्यालय में भी साकार होगा। जिलाधिकारी ने बच्चों से शिक्षा को गंभीरता से लेने का आह्वान किया एवं मोबाइल से दूर रहने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा यंग आबादी भारत में है और भारत में भी सबसे ज्यादा यंग बिहार और उत्तर प्रदेश में हैं । यहां के बच्चे अच्छी तालीम, स्किल और हुनर प्राप्त करेंगे और देश एवं राज्य के विकास में अपना योगदान देंगे। जिलाधिकारी ने बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बने की भी अपील की।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार,जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी, प्रकाश अस्थाना, वार्ड पार्षद श्रीमती रीना झा, जिला स्कूल के प्राचार्य सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे। जिला स्कूल के मॉडल स्कूल घोषित किए जाने से छात्रों में काफी उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम के पश्चात जिलाधिकारी ने जिला स्कूल के प्रांगण में वृक्षारोपण किया, साथ ही फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायो लैब तथा कंप्यूटर रूम का अवलोकन किया।

195
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *