फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर जिले में उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

Live News 24x7
2 Min Read
शिवहर। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से सभी प्रखंडों में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) की अध्यक्षता में उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भीबीडीएस द्वारा प्रतिभागियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। वहीं पीरामल स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। बैठक के दौरान पिछले वर्ष किए गए कार्यों की सराहना करते हुए आगामी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
उन्मुखीकरण में निर्णय लिया गया कि विद्यालयों के माध्यम से निबंध लेखन, जागरूकता रैली एवं प्रार्थना सभा के जरिए बच्चों एवं अभिभावकों को फाइलेरिया रोग और दवा सेवन के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान दवा सेवन से उत्पन्न होने वाली प्रतिकूल प्रतिक्रिया (एडीआर) की पहचान, रिपोर्टिंग एवं त्वरित उपचार पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि एडीआर की स्थिति में सीएचओ, एएनएम, आरआरटी एवं एमओएस को शामिल करते हुए त्वरित प्रतिक्रिया टीम का गठन किया गया है।
बैठक में फाइलेरिया रोगियों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं जैसे दिव्यांगता प्रमाण पत्र, एमएमडीपी किट वितरण सहित अन्य सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई। अंत में दवा सेवन अभियान के दौरान दलकर्मियों को सहयोग प्रदान कर प्रत्येक लक्षित व्यक्ति को समुचित रूप से दवा का सेवन सुनिश्चित कराने की अपील की गई। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से आग्रह किया कि वे दवा सेवन में सहयोग कर फाइलेरिया मुक्त शिवहर के लक्ष्य को प्राप्त करने में भागीदार बनें।
39
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *