पटना। बिहार में उद्यमिता की व्यापक क्रांति लाने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के तहत आगामी 24 अगस्त, 2025 (रविवार) को सुबह 10 बजे पटना के रविन्द्र भवन में “स्टार्ट-अप समिट 2025” का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट का उद्घाटन बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।अभियान के संरक्षक आईजी विकास वैभव ने बताया कि शिक्षा, समता और उद्यमिता को आधार बनाकर 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित बिहार बनाने की दिशा में यह एक निर्णायक पहल है। वर्तमान में 2.5 लाख से अधिक लोग अभियान से जुड़े हुए हैं, जिनमें 15,000+ उद्यमी और 350+ स्टार्ट-अप्स सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।इस अवसर पर बिहार के ऐसे 21 स्टार्ट-अप्स को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 100+ लोगों को रोजगार मिल रहा है या जिनकी भविष्य की संभावनाएं अत्यंत प्रबल हैं। उन्हें “बिहार उद्यमिता सम्मान” प्रदान किया जाएगा। साथ ही, ड्राफ्ट बिहार विजन 2047 डाक्यूमेंट भी लॉन्च किया जाएगा। यह दस्तावेज़ 21 दिसंबर, 2025 को बेंगलुरु में होने वाले बिहार@2047 विजन कॉन्क्लेव में समर्पित किया जाएगा।इस समिट में कई देश-विदेश के दिग्गज उद्यमी व विशेषज्ञ शिरकत करेंगे। इनमें प्रमुख हैं –श्री सर्वेश कुमार, एमएलसी (विशिष्ट अतिथि)श्री सैयद शमाएल अहमद, राष्ट्रीय अध्यक्ष, PSACWA श्री विपुल कुमार, नेटवर्क इकोसिस्टम विशेषज्ञ, CtrlS डेटासेंटर श्री निरेन आनंद, सोशल फुटवियर उद्यमी, एवर ट्रेड ग्रुप (चीन, हांगकांग, भारत) श्री ओ. पी. सिंह, सीईओ, बर्नेट फार्मास्युटिकल्स, अहमदाबाद,डॉ. प्रीति बाला, मुख्य समन्वयक, गार्गी चैप्टर,सुश्री सोनम मिश्रा, उपाध्यक्ष, सुलभ इंटरनेशनल, दिल्ली,श्री आलोक कुमार रंजन, निदेशक, शिक्षा समता उद्यमिता फाउंडेशन,श्री अनिल कुमार झा, सीईओ व सह-संस्थापक, फैब फाइव नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड,दिल्ली के एंजेल निवेशक अमित कुमार ने घोषणा की है कि चुने गए 21 स्टार्ट-अप्स को 21 लाख रुपये का विशेष फंड उपलब्ध कराया जाएगा।गौरतलब है कि लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के तहत अब तक बिहार सहित देश-विदेश में 2200+ कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। बेगूसराय, आरा, सासाराम, छपरा और वैशाली में हुए बृहत जन संवादों में लाखों लोगों ने भाग लिया। वहीं, अभियान से जुड़े लोगों द्वारा बिहार के 14 जिलों में 27 निःशुल्क शिक्षा केंद्र और 250 से अधिक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संचालित किए गए हैं।अभियान के मीडिया कोऑर्डिनेटर अनूप नारायण सिंह, पटना कोऑर्डिनेटर इंजीनियर कुमार राहुल, राहुल सिंह और आशीष रंजन एक झा ने बताया कि यह आयोजन बिहार में उद्यमशीलता की नई लहर पैदा करेगा। समिट का लक्ष्य है कि 2028 तक बिहार के प्रत्येक जिले में कम से कम 5 सफल स्टार्ट-अप्स स्थापित हों, जिनमें 100 से अधिक लोगों को रोजगार मिले।
141
