बफर में खड़े यात्री से पूछताछ, बैग खुलते ही निकले 51.69 लाख रुपये

Live News 24x7
3 Min Read
  • बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस में की गई कार्रवाई, डेहरी ऑन सोन में यात्री उतारा गया
  • 500 रुपये के 10,338 नोट समेत अलग-अलग मूल्यवर्ग की नकदी बरामद, आयकर विभाग को दी गई सूचना
गया जी। रेलवे के डीडीयू रेल मंडल अंतर्गत डीडीयू-गया रेलखंड पर सुरक्षा जांच के दौरान  बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। गाड़ी संख्या 22308 डाउन में ट्रेन मार्गरक्षणन दल ने डेहरी ऑन सोन स्टेशन पहुंचने पर इसकी सूचना कंट्रोल को दी। सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक यात्री के पिट्ठू बैग से कुल 51 लाख 69 हजार 450 रुपये नकद बरामद किए। बरामद राशि को जीआरपी ने जब्त कर आयकर विभाग पटना को इसकी सूचना दी है।
पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त  सह आरपीएफ आईजी अमरेश कुमार ने बताया कि ट्रेन के मार्गरक्षण दल में शामिल सहायक उप निरीक्षक शरद चंद्र सिंह यादव ने सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, डीडीयू को सूचना दी कि पेंट्रीकार और ए-वन कोच के बीच बफर में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सूचना डेहरी ऑन सोन आरपीएफ और जीआरपी को दी गई।
बैग खुलवाकर गिनती की तो उड़ गए होश
सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट डेहरी ऑन सोन के प्रभारी निरीक्षक राज किशोर कछवाहा और जीआरपी थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ट्रेन के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर पहुंचने के बाद यात्री को उतारा। यात्री की पहचान महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के सांगला थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय किरण बाला साहेब जाधव के रूप में हुई।
वीडियोग्राफी के बीच यात्री से उसका मैरून रंग का पिट्ठू बैग खुलवाकर तलाशी ली गई। बैग से 500 रुपये के 10,338 नोट यानी 51 लाख 69 हजार रुपये मिले। इसके अलावा 200 रुपये का एक, 100 रुपये के दो और 50 रुपये का एक नोट बरामद हुआ। इस तरह कुल नकदी 51,69,450 रुपये पाई गई।
पूछताछ में यात्री ने बताया कि वह वाराणसी के मैदागिन से नकदी लेकर डीडीयू से वर्धमान जाने के लिए जनरल टिकट पर यात्रा कर रहा था। नकदी का संतोषजनक स्रोत या उद्देश्य स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद पूरी राशि जीआरपी डेहरी ऑन सोन ने जब्त कर यात्री को अपने कब्जे में लिया। मामले की जानकारी आयकर विभाग पटना को दी गई और आगे की कार्रवाई के लिए आधिकारिक मेल भेजा गया।
उल्लेखनीय है कि रविवार सुबह भी गया जंक्शन पर करीब 10 लाख रुपये नकद के साथ करीमगंज निवासी एक युवक के पकड़े जाने की कार्रवाई सामने आई थी। लगातार नकदी बरामदगी से रेल सुरक्षा एजेंसियों की जांच तेज हो गई है।
18
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *