अनूप नारायण सिंह।
हिल्सबोरो (न्यू जर्सी)। भारत के स्वतंत्रता दिवस का जश्न न्यू जर्सी के हिल्सबोरो में उत्तर प्रदेश फ़ेडरेशन ऑफ़ नॉर्थ अमेरिका (UPFNA) द्वारा बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। शनिवार, 16 अगस्त को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक आयोजित इस समारोह में भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और भारत की आज़ादी के गौरवशाली इतिहास को याद किया।कार्यक्रम का शुभारंभ हिल्सबोरो के मेयर जॉन सिस्करेली और डिप्टी मेयर कैथरीन पेन ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर किया। जैसे ही तिरंगा लहराया, पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। मेयर और डिप्टी मेयर ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि यह समुदाय न सिर्फ अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संजोए हुए है, बल्कि लोकतंत्र और स्वतंत्रता के मूल्यों को भी अमेरिका की मुख्यधारा तक पहुंचा रहा है।इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों और युवाओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और लघु नाटिकाओं के माध्यम से भारत की समृद्ध परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम की यादें ताज़ा कर दीं। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।समारोह को बच्चों के लिए और भी खास बनाने के लिए मिठाई की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे उत्सव का आनंद कई गुना बढ़ गया। आयोजकों ने इस पहल को अगली पीढ़ी को भारत की संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ने का एक प्रयास बताया।कार्यक्रम की सफलता में शिव साहि, अमित कुमार, अजय प्रसाद, रंजना, रोहित गुप्ता, राजवीव, संदीप, किरण, नवनीति, अंकिता, प्रणव, सुमित कुमार, अय्यान, राहुल, विवेक विपुल, अल्पना और मेन्का का विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त संजय गुप्ता (अध्यक्ष, VHPA NJ) ने भी आयोजन में अहम सहयोग दिया।पूरे आयोजन का समन्वय प्रशांत सिंह दीक्षित ने किया। आयोजकों ने कहा कि यह अवसर न केवल भारतीय समुदाय के लिए सांस्कृतिक उत्सव साबित हुआ, बल्कि इसने सभी को भारत की स्वतंत्रता के महत्व और बलिदानों की याद भी दिलाई।हिल्सबोरो में मनाया गया यह स्वतंत्रता दिवस भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए गर्व और एकजुटता का प्रतीक बन गया। तिरंगे की शान और देशभक्ति के गीतों ने वहां मौजूद सभी लोगों को मातृभूमि से जुड़ाव और आत्मगौरव का एहसास कराया।
122
