मुसहरी में स्वास्थ्य शिविर का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

Live News 24x7
7 Min Read
  • मुसहरी प्रखंड के सभी 26 पंचायतों में होगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
  • अगले सप्ताह से जिले के 373 पंचायतों में स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे
मुजफ्फरपुर। जिले में गरीब व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुगम एवं बेहतर बनाने तथा सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में भी सहज रूप में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने हेतु जिला पदाधिकारी सतत प्रयत्नशील हैं।
इस क्रम में जिला पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन द्वारा आकांक्षी प्रखंड मुसहरी के मनिका विशुनपुर चांद के हेल्थ वैलनेस सेंटर के परिसर में हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया जिसका निरीक्षण आज जिला पदाधिकारी ने की।
मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आकांक्षी प्रखंड मुसहरी के सभी 26 पंचायतों में 22 मई से स्वास्थ्य शिविर शुरू की गई है जो 19 जून तक चलेगा तथा कुल 52 शिविर लगाये जाएंगे। अगले सप्ताह से जिले के सभी 373 पंचायतों में स्वास्थ्य कैंप लगाये जाएंगे।
शिविर के संचालन एवं महत्व की चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों को स्थानीय स्तर पर उनके गांव एवं घर में ही कैंप मोड में रोगों की जांच, इलाज एवं दवा की सुगम एवं सुदृढ़ व्यवस्था की गई है ताकि मरीजों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़े। कैंप में मरीजों को हाइपरटेंशन, शुगर, गर्भवती महिलाओं की जांच एएनसी, एनसीडी, खून की जांच, टीबी की जांच, एक्स-रे, टीकाकरण की सुविधा के साथ ही डाक्टर द्वारा इलाज की व्यवस्था की गई है। केंद्र पर  नि:शुल्क दवाएं दी  जा रही है।
टीबी मरीजों के लिए ट्रूनाट मशीन द्वारा बलगम की जांच की व्यवस्था की गई है। सेंटर पर यद्यपि पोर्टेबल मशीन कार्यरत है जिसके द्वारा त्वरित एवं सटीक जांच की सुविधा है। एक्स-रे मशीन द्वारा सभी मरीजों के चेस्ट की जांच की जा रही है तथा उसमें संदिग्ध पाये जाने पर उनके बलगम का नमूना लेकर ट्रूनाट मशीन से भी जांच की जा रही है। टीबी रोग की आधुनिक एवं सटीक जांच के लिए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अघोरिया बाजार चौक, बालू घाट, कन्हौली, ब्रह्मपुरा में ट्रूनॉट मशीन से बलगम जांच की सुविधा उपलब्ध है।
मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आकांक्षी कार्यक्रम के तहत जिला के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए नीति आयोग द्वारा अब तक कुल 10 करोड़ (7 करोड़ + 3 करोड़)  का अवार्ड मिल चुका है जिससे राष्ट्रीय स्तर पर 112 जिलों में  मुजफ्फरपुर जिला को तथा तथा 500 प्रखंडों में मुसहरी प्रखंड को  विशिष्ट एवं पृथक पहचान / सम्मान कायम हुआ है। अब कार्ययोजना तैयार कर जिले  में विकास एवं कल्याण की योजनाओं को गति प्रदान की जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों से पंचायतों में संचालित कैंप में भाग लेने एवं स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।
सभी कैंपों में टीकाकरण के लिए अलग काउंटर एवं कर्मियों की तैनाती की  गई है। जिलाधिकारी ने ड्यू लिस्ट के अनुरूप टीकाकरण करने तथा सूची के अनुसार 100% बच्चों को टीकाकृत करने को कहा।
सभी शिविरों में आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। इसके लिए अलग से डेडिकेटेड  कर्मियों की तैनाती कर आयुष्मान कार्ड बनाने की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम समन्वयक को सभी संचालित कैंपों में अलग काउंटर एवं कर्मियों की तैनाती रखने एवं  आयुष्मान कार्ड  बनाने की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य कैंप का मुख्य उद्देश्य है:
-पंचायत स्तर पर संचालित नियमित टीकाकरण एवं  स्वास्थ्य कार्यक्रम से छूटे हुए व्यक्ति को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करना
– स्थानीय स्तर पर मरीजों की जांच, इलाज एवं दवा  की नि:शुल्क सुविधा प्रदान करना
-संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना।
-मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना
-स्वास्थ्य एवं पोषण के बारे में आम लोगों के बीच प्रचार प्रसार करना।
विशेष स्वास्थ्य शिविर के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु रजिस्ट्रेशन काउंटर, आयुष्मान कार्ड काउंटर, वैक्सीनेशन काउंटर दवा वितरण काउंटर, टीबी जांच कार्नर,पंजी संधारण काउंटर की व्यवस्था की गई है।
एचडब्लूसी मणिका विशुनपुर चांद के हेल्थ वेलनेस सेंटर के लिए अलग भवन बनाने हेतु नियमानुसार अपेक्षित कार्रवाई करने का निर्देश सिविल सर्जन एवं डीपीएम को दिया। चूंकि एचडब्ल्यूसी का अपना भवन नहीं है। तात्कालिक व्यवस्था के तहत मनरेगा भवन में संचालित है।
इस क्रम में जिलाधिकारी ने सुतिहारा स्थित मध्य विद्यालय एवं माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों एवं छात्रों की उपस्थिति  , एमडीएम का निरीक्षण किया तथा बच्चों से बातचीत कर आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया। इस क्रम में डीएम ने परिसर में निर्माणाधीन खेल मैदान का भी निरीक्षण किया तथा  कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा को बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं उपयोगी खेल मैदान  जल्द बनाने का निर्देश दिया । गर्मी के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों के लिए विद्यालय में पेयजल की निर्वाध आपूर्ति रखने तथा वर्गकक्ष में पंखा की सुविधा कार्यरत  रखने हेतु विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मणिका हरिकेष स्थित पंचायत  भवन का निरीक्षण किया। स्थल निरीक्षण के दौरान पाया गया कि भवन काफी पुराना एवं  जीर्ण-शीर्ण अवस्था  में है। तदनुसार जिलाधिकारी ने इसी स्थल पर  पंचायत के लिए नया पंचायत सरकार भवन बनाने की अनुमति प्रदान की। इसके लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को अर्हता एवं अन्य अपेक्षित पहलू की जांच कर नियमानुसार अग्रेत्तर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त श्री श्रेष्ठ अनुपम, सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार, डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती ममता वर्मा, डीपीएम स्वास्थ्य श्री रेहान अशरफ प्रखंड विकास पदाधिकारी मुसहरी श्री चंदन कुमार अंचलाधिकारी मुसहरी श्री महेंद्र शुक्ला प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी मुसहरी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मुसहरी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी मुसहरी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
122
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *