बांका के सुईया थाना क्षेत्र में एक आशा कार्यकर्ता और उनके पति को दबंगों ने दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडे से जमकर पीटा है। इसका वीडियो भी सामने आया है। आशा कार्यकर्ता बार-बार अपने आप को बचाने की गुहार लगा रही, लेकिन दबंग उनको डंडे से पीट रहे हैं। बीच बचाव में पति आया तो उसकी भी जमकर पिटाई की है।
हमले में दोनों जख्मी हो गए। दबंगों ने आशा कार्यकर्ता को घर छोड़कर भागने की धमकी दी है। साथ ही कहा है कि नहीं जाओगे तो जान से मार देंगे। वीडियो के आधार पर एवं आशा कार्यकर्ता द्वारा शिकायत करने पर स्थानीय पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
आशा कार्यकर्ता रेणु देवी ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर मुझे लाठी डंडे से दौड़ा दौड़ा कर पीटा है। बीच बचाव में मेरा पति आया तो उसे लाठी डंडे से जमकर पीटा जिसके बाद हम दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
कटोरिया प्रखंड अंतर्गत सुईया थाना क्षेत्र के बंदरी गांव निवासी आशा कार्यकर्ता रेणु देवी पति मलेश्वर सिंह ने गांव के संतोष सिंह पति चंद्रिका सिंह, सुनीता देवी पति चंद्रिका सिंह व अर्पणा सिंह पति संतोष सिंह के खिलाफ सुईया थाना में आवेदन देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है ।
आशा कार्यकर्ता के अनुसार चांदन अस्पताल से एक प्रसूता महिला का प्रसव कराकर अपने घर लौटी थी। इसी बीच उन लोगों ने घटना को अंजाम दिया। रास्ते में घेरकर हाथापाई करने लगे। फिर लाठी-डंडे से पहले मुझे और बचाने आए पति को भी मारने लगे। वहीं, वीडियो को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदन के स्वास्थ्य कर्मी सहित आशा संगठित सदस्यों ने ऐसे कुकर्म करने वाले के प्रति रोष जाहिर करते हुए ऐसे मनचले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का मांग की है।
सुईया ओपी प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि पीड़ित आशा रेणु देवी द्वारा दिए आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही साथ इस घटना में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
