खगड़िया में शादी के बाद लौट रही बारातियों से भरी एसयूवी सोमवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। मौके पर ही 7 बारातियों की मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मरने वालों में तीन बच्चों भी शामिल हैं। मृतकों में 7 दूल्हे के रिश्तेदार थे। हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा पसराहा थाना क्षेत्र में विद्यानंद पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लोग चौथम थाना क्षेत्र के ठुठ्ठी मोहनपुर गांव से बारात में शामिल होकर लौट रहे थे। इस दौरान सीमेंट लदे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली और बारातियों से भरी गाड़ी में टक्कर हो गई।
हादसे में मारे गए अंशु कुमार के बहनोई पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि बिठला गांव के रहने वाले इंद्रदेव ठाकुर के मंझले बेटे सौरभ कुमार की शादी थी। बारात से सभी लोग घर लौट रहे थे, इसी दौरान ये हादसा हुआ। मारे गए लोगों में दादा-पोता और चाचा-भतीजा भी हैं। दूल्हे सौरभ कुमार के भाई पीयूष ने कहा कि साढ़े पांच बजे जानकारी मिली कि गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। बारात से चार गाड़ियां निकली थीं। एक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें से सात मेरे रिश्तेदार थे।
एसपी चंदन कुशवाहा ने बताया कि मरने वाले लोग बारात से वापस आ रहे थे। इसी बीच पसराहा थाना के पास ट्रैक्टर से कार टकरा गई। इसमें तीन बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल खगड़िया में चल रहा है।
