46मोतिहारी : एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में अंतरजिला डकैत गिरोह का पर्दाफाश, 15.50 लाख बरामद; चार गिरफ्तार, पुलिस टीम को 30 हजार का पुरस्कार
अंतरजिला डकैत गिरोह का पर्दाफाश, 15.50 लाख रुपये समेत चार गिरफ्तार
मोतिहारी। ढाका थाना क्षेत्र के मठिया मोहन गांव में 30 अगस्त की रात मनोज कुमार शर्मा के घर हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतरजिला डकैत गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के तार सीतामढ़ी के बथनाहा थाना क्षेत्र के अलावा नेपाल से भी जुड़े होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बथनाहा थाना क्षेत्र के भलही निवासी मोहम्मद सफीक मंसूरी उर्फ बन्ठा भी शामिल है। वह पूर्व में डकैती के मामलों में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से गिरोह के साथ मिलकर वारदात शुरू कर दी थी। पूछताछ में सिकरहना अनुमंडल क्षेत्र में हुई डकैती की पांच घटनाओं में गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। पहली घटना 13 अप्रैल को हुई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। सदस्य मोबाइल फोन और चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल नहीं करते थे। ट्रेन से घटनास्थल के आसपास पहुंचने के बाद ई-रिक्शा से गांव तक जाते और फिर सरेह के रास्ते पैदल घटनास्थल तक पहुंचते थे। वारदात के बाद इसी रास्ते से वापस लौट जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर डकैती में लूटे गए 15.50 लाख रुपये नकद, चांदी के आभूषण, एक पिस्टल, चार कारतूस, करीब 2.107 किलोग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ, पांच मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। डकैती के रुपये से मोटरसाइकिल खरीदने और करीब 30 लाख रुपये की जमीन के लिए इकरारनामा करने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।
गिरोह के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के कुछ सदस्यों के परिवार के अन्य लोग भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
कई महीने से चल रही थी जांच:
गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की विशेष जांच टीम कई महीनों से काम कर रही थी। ढाका, घोड़ासहन, कुंडवाचैनपुर और चिरैया थाना पुलिस के साथ डीआईयू की टीम ने लगातार तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
कार्रवाई में सिकरहना एसडीपीओ, ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय, कुंडवाचैनपुर थानाध्यक्ष, चिरैया थानाध्यक्ष, घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार तथा डीआईयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को 30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।
46
46
Leave a review
