- प्राकृतिक सुरक्षा, जीवन रक्षा और पर्यावरण स्वच्छता को लेकर जिले भर में चलेगा जागरूकता अभियान
- डीटीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम, पितृपक्ष मेला में मेगा अभियान की तैयारी
गया जी। बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिला परिवहन विभाग ने जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में जिले भर में लोगों को प्रदूषण कम करने के उपायों और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक सुरक्षा, जीवन रक्षा और पर्यावरण स्वच्छता के प्रति लोगों को जिम्मेदार बनाना है।
परिवहन विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वाहनों से निकलने वाले धुएं को कम करना प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के फायदे बताए जाएंगे। साथ ही नियमित प्रदूषण जांच कराने, वाहनों की उचित देखभाल करने और अनावश्यक रूप से वाहनों का इस्तेमाल नहीं करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
पितृपक्ष मेला में चलेगा मेगा जागरूकता अभियान
बताया गया कि डीएम शशांक शुभंकर के निर्देश पर आगामी पितृपक्ष मेला अवधि में परिवहन विभाग बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। मेला में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए यातायात व्यवस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही प्राकृतिक सुरक्षा, जीवन रक्षा, पर्यावरण स्वच्छता का विशेष संदेश दिया जाएगा।
नाबालिगों से ऑटो-टोटो नहीं चलाने की अपील
परिवहन विभाग ने अभिभावकों और वाहन मालिकों से नाबालिग बच्चों से ऑटो-टोटो का परिचालन नहीं कराने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों से वाहन चलवाना उनकी सुरक्षा के साथ अन्य सड़क यात्रियों के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है। जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन परिचालन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
21