मुजफ्फरपुर में ज्वेलरी दुकान से बदमाशों ने उड़ाए 6 लाख के गहने, बदमाशों की करतूत CCTV में हुई कैद

Live News 24x7
2 Min Read

खबर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की है जहां मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर बाजार में ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर बदमाशों ने करीब 6 लाख रुपये के सोने के आभूषण उड़ा लिए। बदमासों द्वारा वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि दुकानदार को कई घंटे तक चोरी का पता ही नहीं चला। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, गोपालपुर स्थित मंजू ज्वेलर्स के संचालक अजय साह गुरुवार शाम करीब 5 बजे दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे। दोनों ने सोने के आभूषण खरीदने की बात कही और दुकानदार से अलग-अलग डिजाइन दिखाने को कहा। बातचीत के दौरान उन्होंने भरोसा जीतने के लिए करीब एक हजार रुपये एडवांस भी दिए।

इसी बीच दोनों बदमाशों ने मौका पाकर दुकान से करीब 40 ग्राम वजन की 15 सोने की अंगूठियां गायब कर दीं। इसके बाद बिना आभूषण खरीदे दोनों आराम से दुकान से निकल गए। उस वक्त दुकानदार को जरा भी अंदाजा नहीं हुआ कि ग्राहक बनकर आए युवक असल में चोर थे।

रात करीब 9 बजे अजय साह का बेटा दुकान बंद करने पहुंचा। रोज की तरह उसने सीसीटीवी फुटेज देखी तो दोनों युवकों की संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। इसके बाद दुकान में रखे आभूषणों का मिलान किया गया तो 15 अंगूठियां गायब मिलीं। चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बोचहां पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि अभी तक दुकान संचालक की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद बाजार के अन्य दुकानदारों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

32
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *