अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज गया का प्रस्तावित बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध में ए.एम. कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी करेंगे चरणबद्ध आंदोलन

Live News 24x7
3 Min Read

गया, बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध में राज्यव्यापी संयुक्त आंदोलन के आह्वान के तहत अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, गया के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी भी चरणबद्ध आंदोलन में भाग लेंगे।
महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने कहा कि प्रस्तावित अधिनियम विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा उच्च शिक्षा की गरिमा के प्रतिकूल है। इसी के विरोध में राज्यव्यापी कार्यक्रम के अंतर्गत 5 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराएंगे।
इसके उपरांत 10 अगस्त 2026 को महाविद्यालय में सामूहिक अवकाश रहेगा तथा विश्वविद्यालय मुख्यालय पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी भाग लेंगे। वहीं 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से 2:00 बजे तक महाविद्यालय परिसर में विरोध सभा, नारेबाजी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने सरकार से प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 को तत्काल वापस लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता तथा लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है।
प्रस्तावित बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध में चल रहे राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के प्रथम चरण के अंतर्गत अनुग्रह मेमोरियल महाविद्यालय, गया के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने आज काला बिल्ला लगाकर अपने नियमित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया है।
इसके उपरांत सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन (प्रशासनिक ब्लॉक) के समक्ष एकत्र हुए तथा प्रस्तावित विश्वविद्यालय विधेयक के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपना शांतिपूर्ण प्रतिरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं उच्च शिक्षा की गरिमा के प्रतिकूल है। उन्होंने सरकार से इस विधेयक को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, शैक्षणिक स्वतंत्रता तथा उच्च शिक्षा के हितों की रक्षा के लिए संयुक्त संघर्ष जारी रहेगा तथा राज्यव्यापी आंदोलन के आगामी सभी चरणों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

26
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *