वैशाली के छह स्वास्थ्य उप केंद्र को बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए मिला राज्य स्तरीय सम्मान

Live News 24x7
3 Min Read
  • वैशाली में हेल्थ सेक्टर में आ रहा गुणात्मक बदलाव 
  • राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर वैशाली हो रहा पुरस्कृत
  • इसके पहले भगवानपुर, लालगंज और गोरौल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मिल चुका है कायाकल्प अवार्ड
  • लालगंज के धनुषी स्वास्थ्य केंद्र भी नेशनल अवार्ड प्राप्त
वैशाली। जिला पदाधिकारी श्री यशपाल मीणा के सतत मॉनिटरिंग, मार्गदर्शन और नेतृत्व में वैशाली जिला का हेल्थ सेक्टर एक बड़े बदलाव का पटकथा लिख रहा है। स्वास्थ्य सेवा में गुणात्मक सुधार के लिए इसे कई राष्ट्रीय और राज्य स्तर के पुरस्कार और सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
इसकी नई कड़ी में आज वैशाली जिला के छह स्वास्थ्य उप केंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को राज्य स्तरीय सम्मान मिला है। यहां के स्वास्थ्य संस्थानों में लगातार व्यापक सुधार हो रहे हैं। ग्रामीण स्तर तक स्वास्थ्य उप केंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में 12 प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं तथा 14 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा प्रदान की जा रही हैं। इसी क्रम में वैशाली जिला में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए आज वैशाली जिला के 6 स्वास्थ्य उप केंद्र को राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया है। ये स्वास्थ्य उप केंद्र हैं – अकबर मलाही (भगवानपुर),  कैला जलालपुर (चेहराकला), भोजपट्टी (राजापाकर), नया गांव (सहदेई बुजुर्ग),  चकलहलाद (वैशाली) एवं सुक्की (पातेपुर)। इन्हें राज्य स्तरीय एनक्यूएएस प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया है।
सभी स्वास्थ्य उप केंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में एक सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं दो एएनएम का पदस्थापन किया गया है। इनके द्वारा स्वास्थ्य की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक प्रमाण पत्र प्रदान करने के पूर्व विशेषज्ञों की टीम द्वारा स्वास्थ्य केंद्र के सेवाओं और संतुष्टि स्तर का विभिन्न मानकों पर परीक्षण किया जाता है। इनमें उपलब्ध सेवाएं, मरीजों के अधिकार, इनपुट, सपोर्ट सर्विसेज, क्लिनिकल सर्विसेज, इनफेक्शन कंट्रोल, गुणवत्ता प्रबंधन, बायोलॉजिकल वेस्ट मैनेजमेंट और आउटकम जैसे पैरामीटर शामिल हैं। इन कड़े मानकों पर खरा उतरने वाले स्वास्थ्य केन्द्रों को ही सर्टिफिकेट प्रदान किया जाता है।
विशेषज्ञों की टीम ने वैशाली जिला के स्वास्थ्य केंद्रों पर मार्च महीने में निरीक्षण किया था। यह उपलब्धि जिले के स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सिविल सर्जन, डीपीएम एवं स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्वास्थ्य कर्मियों और संबंधित अधिकारियों को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि ” यह वैशाली जिला के लिए गर्व की बात है कि हमारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त कर रहा है। इससे जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और लोगों को उच्च गुणवत्ता की प्राथमिक चिकित्सा सुविधा मिल सकेंगी। “
137
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *