मोतिहारी : पानी गिराने के विवाद में चाकूबाजी, देवर-भाभी की मौत

Live News 24x7
2 Min Read

मोतिहारी। सड़क पर पानी गिराने को लेकर बुधवार देर शाम पताही थाना क्षेत्र के जिहुली पंचायत स्थित जमुनी टोला में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप है। घटना में तीन लोग घायल हो गए।

घायलों में मरीना खातून (35), जमील अख्तर (36) और मोहसीन अख्तर (40) शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल मरीना खातून और जमील अख्तर को पताही पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर किया गया

जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। तीसरे घायल मोहसीन अख्तर की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

बताया गया कि जमुनी टोला में संजय सिंह के घर के समीप सड़क पर पानी गिराने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि मोहसीन अख्तर सड़क पर पानी गिरा रहे थे। इसी को लेकर संजय सिंह ने उन्हें पानी गिराने से मना किया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दो लोगों की मौत के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

डीएसपी अभिषेक कुमार  ने बताया कि घटना में तीन लोग घायल हुए थे। दो गंभीर घायलों को सदर अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों  की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

26
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *