मोतिहारी में एक साथ लापता तीन किशोरियां गोरखपुर से बरामद, झांसे में लेकर ले जाने वाला युवक गिरफ्तार

Live News 24x7
2 Min Read
मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मठलोहियार पंचायत स्थित छतवनिया से एक साथ लापता हुईं तीन लड़कियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे के भीतर गोरखपुर रेलवे स्टेशन के समीप से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को तीनों लड़कियां बिना परिजनों को सूचना दिए घर से लापता हो गई थीं। परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमारी प्रियंका के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम गोरखपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन के समीप से तीनों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में लड़कियों ने पुलिस को बताया कि वे परिजनों को बिना बताए बेहतर काम की तलाश में घर से निकली थीं। इसी दौरान चंदन कुमार ने काम दिलाने के नाम पर उन्हें मुजफ्फरपुर से गोरखपुर ले गया। इसके बाद पुलिस ने चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार युवक की पहचान शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी सुंदर महतो के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता गोरखपुर जिले के गोरखनाथ थाना क्षेत्र स्थित जतेपुर सहजनवा बताया गया है। बरामदगी: तीन लापता लड़कियां और एक मोबाइल फोन। छापेमारी दल में शामिल: अरेराज एसडीपीओ कुमारी प्रियंका, हरसिद्धि के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक अजय कुमार, थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक प्रीतम कुमार सहित हरसिद्धि थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे। 33
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *