जिले में लौरिया से ‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की हुई शुरुआत

Live News 24x7
3 Min Read
  • 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की होगी नि:शुल्क स्क्रीनिंग
  • बीमारी की पुष्टि पर आगे के उपचार से जोड़ा जाएगा, जरूरत के अनुसार मिलेगी मुफ्त दवा
बेतिया। गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को लौरिया में ‘जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत की। लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी तरंजोत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया।
घर-घर जाकर होगी स्वास्थ्य जांच:
अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की घर-घर जाकर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की जाएगी। स्वास्थ्यकर्मी संभावित बीमारियों के लक्षणों की पहचान करेंगे। इसके अलावा पीएचसी, एपीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिर समेत विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर भी जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
मधुमेह से कैंसर तक की होगी स्क्रीनिंग:
अभियान के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर- मुंह, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर के साथ हृदय रोग, सांस एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियों तथा फैटी लिवर की भी जांच की जाएगी। जांच में बीमारी की पुष्टि होने पर मरीज को आवश्यकतानुसार आगे के उपचार से जोड़ा जाएगा। साथ ही जरूरत के अनुसार नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
2 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगा अभियान:
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार शुरू कराना है। यह अभियान विशेष रूप से उन लोगों के लिए उपयोगी होगा, जो आर्थिक या अन्य कारणों से नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं। अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में सिविल सर्जन विजय कुमार, एमएलसी सौरभ कुमार, एनसीडीओ मुर्तजा अंसारी, जिला कार्यक्रम समन्वयक अमित कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अस्पताल प्रबंधक राहुल कुमार, लेखपाल अमित प्रकाश, प्रधान सहायक संत भास्कर, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. आई. हक, डॉ. जितेंद्र काजी, डॉ. विजय कुमार गुप्ता, डॉ. दरोगा प्रसाद, बीसीएम रीना मोदी सहित अन्य अस्पताल कर्मियों की भी उपस्थिति रही।
22
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *