शेरघाटी । थाना क्षेत्र के अक्षमा गांव की 26 वर्षीय दिव्या पासवान हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर भीम आर्मी एवं अन्य सामाजिक संगठनों के बैनर तले शेरघाटी में कैंडल मार्च निकाला गया। सैकड़ों लोगों ने जेपी चौक से शेरघाटी थाना तक मार्च निकालकर दिव्या को न्याय दिलाने और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
कैंडल मार्च का नेतृत्व भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सौरभ राज एवं अमर आजाद पासवान ने किया है। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर “दिव्या पासवान को न्याय दो”, “हत्यारे को गिरफ्तार करो”, “आरोपी को संरक्षण देना बंद करो” जैसे नारे लगाए। साथ ही प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी के खिलाफ भी नारेबाजी की गई है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शेरघाटी थाना क्षेत्र के कुबड़ा गांव निवासी राहुल कुमार यादव ने दिव्या को शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। जब दिव्या ने शादी की बात कही तो आरोपी ने इनकार कर दिया। आरोप है कि दिव्या ने शेरघाटी थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने शेरघाटी व्यवहार न्यायालय में मामला दर्ज कराया है।
परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार केस वापस लेने की धमकी देता रहा। उनका यह भी आरोप है कि आरोपी दिव्या को झारखंड के कुलेश्वरी ले गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई और शव हाजलो बालू माइंस क्षेत्र में फेंक दिया गया है।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गंभीर आरोपों के बावजूद पुलिस ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की और उसे संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दिव्या पासवान के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
55