गयाजी। साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी, मगध प्रक्षेत्र, गया जी के कार्यालय के समक्ष गया जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने के माध्यम से जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती, फर्जी बिजली बिल, स्मार्ट मीटर की समस्याओं तथा बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाई गई।
धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा कि बिहार में सबसे अधिक भीषण गर्मी गया जिले में पड़ती है, इसलिए गया जिले में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में बिजली की कोई कमी नहीं है, लेकिन मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली काट दी जाती है और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से आम जनता परेशान है।
उन्होंने बिजली विभाग पर घोर अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे जिले में बिजली बिल एवं स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतें आम हो गई हैं। विभाग द्वारा लगाए जाने वाले कैंप केवल खानापूर्ति साबित हो रहे हैं और लोगों की समस्याओं का कोई समुचित समाधान नहीं हो पा रहा है।
धरना के बाद जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार सहित कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक से मिलकर ज्ञापन सौंपा और जनता की समस्याओं से अवगत कराया। महाप्रबंधक ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, गगन मिश्रा, विजय कुमार मिट्ठू, युगल किशोर सिंह, राम प्रमोद सिंह, धर्मेंद्र कुमार निराला, अशोक प्रसाद भारती, डॉ. देविका सरियार, दामोदर गोस्वामी, प्रदीप शर्मा, रंजीत सिंह, शिवकुमार चौरसिया, विद्या शर्मा, साविन्दर चौधरी, अर्जुन गुप्ता, मोनू कुमार, सुनील पासवान, डॉ. कुमारी गीता पासवान, लाछो देवी, टिंकू गिरी, बर्जेश राय, राजकपूर गुप्ता, आलेख कुमार, ललन कुमार, सुटू मिश्रा, शिवनाथ प्रसाद, कृष्णा गुप्ता, सुनैना रानी अंजलि, बबिता कुमारी, निरु देवी, नियाज़ अहमद, राकेश सिन्हा, अरुण कुमार, शंभु शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए हैं।
17
