- शहीद स्मादरक चौरी चौरा स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों के लिए प्रेरणा स्थल है- जितेन्द्र रघुवंशी
- आशातीत सफलताओं के साथ सम्पन्न हुई स्वतंत्रता सेनानी शहीद सम्मान पदयात्रा
अशोक वर्मा
चौरी चौरा : स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में तरकुलहां गेट से चौरी चौरा शहीद स्मारक तक निकाली गई स्वतंत्रता सेनानी शहीद सम्मान पदयात्रा अमिट छाप छोड़ते हुए सम्पन्न हुई। प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, संगठन सचिव सूर्य प्रकाश पाण्डेय तथा महासचिव महन्थ प्रजापति के पराक्रम और उनके सहयोगियों के पुरुषार्थ से *हर महीने प्रथम रविवार दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के नाम* अभियान का प्रभाव इस सम्मान यात्रा में स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ा। तरकुलहां गेट से आरम्भ हुई स्वतंत्रता सेनानी शहीद सम्मान यात्रा देशभक्ति गीतों की गूँज के साथ अपने पहले पड़ाव डुमरी खुर्द पहुंची जहाँ स्थानीय नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत हुआ।
प्रदेश महासचिव महन्थ प्रजापति के पैतृक गांव डुमरी खुर्द में ही स्वागत सत्कार के बाद पराक्रमी स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों की बैठक हुई, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के सम्मान, उनके सपनों का भारत बनाने तथा उत्तराधिकारियों के अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्षरत स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने सम्मान यात्रा में शामिल प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लाल किले की प्राचीर से की गई घोषणा *”स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों का भारत बनाएंगे* का स्मरण कराते हुए कहा कि यदि 2047 तक इस संकल्प को धरातल पर उतारना है तो सेलुलर जेल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जिस तरह अमानवीय यातनाएं दी जाती थीं, उसकी अनुभूति करने के लिए विधायिका के समस्त जन प्रतिनिधियों, कार्यपालिका के समस्त अधिकारियों, न्यायपालिका के समस्त न्यायाधीशों तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत पत्रकारों को एक बार सेलुलर जेल देखने के लिए अवश्य भेजना चाहिए, ताकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के प्रति वर्तमान में जो उपेक्षा का वर्ताव किया जा रहा है, उनके अन्दर सम्मान का भाव पैदा किया जा सके, जिन्होंने देश को आजाद कराया और अपने माता पिता की अनुपस्थिति में उनकी सन्तानों ने किस तरह की पीड़ा झेली होगी, इसकी अनुभूति करके स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों के प्रति अपना दृष्टिकोण बदल सकें। रघुवंशी ने बताया कि श्री विजय पुरम में जो देखा उससे हमारा संकल्प और भी अधिक दृढ़ हुआ है और अब तो झंझावातों को चीरते हुए भी जब तक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों को वह सम्मान नहीं मिल जाता, जिसके वे सच्चे अर्थों में अधिकारी हैं और उनके उत्तराधिकारियों के अस्तित्व की रक्षा के लिए सरकारों द्वारा सार्थक कदम नहीं उठाया जाता है, हम निरन्तर संघर्ष करते रहेंगे। इसके लिए रघुवंशी ने “हर महीने प्रथम रविवार दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के नाम” अभियान को आन्दोलन के रूप में अपनाने का संदेश दिया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने सम्मान यात्रा में शामिल परिवारों से आग्रह किया कि यदि हमें स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों के हितों की रक्षा करनी है तो आपसी मतभेद भुलाकर एकता का परिचय देना होगा। संगठन अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाण्डेय ने सम्मान पदयात्रा में शामिल परिवारों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया, प्रदेश महासचिव महन्थ प्रजापति ने भी उपस्थित शहीद परिवारों को संगठन के विस्तार के लिए अपने विचार व्यक्त किए।
निर्धारित समय पर सम्मान पदयात्रा के शहीद स्मारक चौरी चौरा पहुंचने पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर रहें, देश के लिए बलिदान देने वाले शहीद अमर रहें, भारत माता की जय के नारों से समूचा क्षेत्र गुंजायमान हो गया। स्थानीय विधायक श्री श्रवण कुमार निषाद ने ध्वजारोहण किया, कई विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सभी स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया, प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा भी अपनी अभिव्यक्ति के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि समर्पित किया।
इस देशभक्ति पूर्ण कार्यक्रम में उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों के स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के प्रतिनिधि शामिल हुए जिसमें श्रीमती कालिन्दी पाल, विजय कुमार पाण्डेय, राहुल सिंह, शिवेन्द्र सिंह, राजेश यादव, राघवेंद्र कुमार मौर्य चन्दौली, चौथी यादव, दिनेश शाही, चन्द्रशेखर सिंह, राजू सिंह सहित चौरी चौरा में शहीद हुए परिवारों के भाई बहन शामिल हुए।
27
