बिहार को मिलेगी शानदार सौगात, पटना में जल्द दौड़ेगी वाटर मेट्रो, 908 करोड़ आएगा खर्च, जानें क्या होगा रूट

Live News 24x7
4 Min Read

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले वहां के लोगों को लगातार कई नई सौगातें मिल रही हैं. राजधानी पटना में अब जल्द ही वाटर मेट्रो सेवा शुरू होने जा रही है. बिहार सरकार के पर्यटन विभाग और IWAI ने इस अनोखी सेवा के लिए करार किया है. वाटर मेट्रो सेवा शुरू होने से हाइब्रिड इलेक्ट्रिक जहाज से लोग सुरक्षित, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त यात्रा कर सकेंगे. साथ ही इस सेवा के शुरू होने से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा.

पटना में पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राज्य के पर्यटन विभाग ने भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (Inland Waterways Authority of India, IWAI) के साथ कल शुक्रवार (19 सितंबर) को गुजरात के भावनगर में एक अहम समझौता पत्र (MoU) पर करार किया. इस पहल का मकसद राजधानी पटना में पर्यटन को बढ़ावा देने और अनुकूल शहरी जल परिवहन प्रणाली का विकास और संवर्धन करना है. इस सेवा के शुरू होने से लोगों को सुरक्षित, पर्यावरण के अनुकूल और आधुनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी.

राजधानी पटना देश के उन 18 शहरों में शामिल हो गई है जहां दक्ष और आधुनिक शहरी जल परिवहन प्रणाली तैयार की जा रही है. इस प्रोजेक्ट के जरिए अत्याधुनिक हाइब्रिड इलेक्ट्रिक कैटामरान जलयान ‘MV निशादराज’ (MV Nishadraj) जैसे पोत चलाए जाएंगे, और यह बैटरी तथा हाइब्रिड दोनों मोड में चलने में सक्षम हैं. इस जलयान की खासियत है कि यह न केवल जीरो कार्बन उत्सर्जन सुनिश्चित करेगा बल्कि इसकी क्षमता करीब 100 यात्रियों की है. इसमें 2 व्हीलचेयर भी लगाए गए हैं. इस पोत में यात्रियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा गया है. इसे पूरी तरह से वातानुकूलित और आरामदायक सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा.

गुजरात में भावनगर में आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और श्री मनसुख मांडवीय की मौजूदगी में 908 करोड़ रुपये की लागत से शहरी जल मेट्रो प्रोजेक्ट के विकास के लिए समझौता ज्ञापन पर IWAI के चेयरमैन सुनील कुमार सिंह और बिहार के पर्यटन विभाग की ओर से बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंद किशोर ने हस्ताक्षर किए.

इस करार को लेकर बिहार के पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह ने बताया कि यह प्रोजेक्ट राजधानी पटना में पर्यटन को बढ़ावा देने में काफी मददगार साबित होगी. इसके शुरू होने से शहरी परिवहन क्षेत्र को काफी फायदा पहुंचेगा. पटना के लोगों और पर्यटकों को जलमार्ग के जरिए पर्यटन की नई स्मार्ट, सुरक्षित और टिकाऊ यात्रा का शानदार अनुभव मिलेगा.

पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने इस महत्वाकांक्षी करार को लेकर बताया कि शहरी वाटर मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत पटना में दीघा घाट से लेकर कंगन घाट तक इस वाटर मेट्रो का संचालन किया जाएगा. वाटर मेट्रो दीघा पर्यटन घाट से चलेगी और NIT घाट तथा गाय घाट होते हुए कंगन घाट तक जाएगी. इस मेट्रो का पटना से शीघ्र ही ट्रायल किया जाएगा.

उन्होंने बताया कि भविष्य में 10 ऐसे और स्थान चिन्हित किए जाने हैं, जिससे शहर के वाटर टूरिज्म सिस्टम में बड़े स्तर पर बदलाव आने की उम्मीद है, इस सेवा के शुरू होने से प्रदूषण और यात्रा समय में भी काफी कमी आएगी. साथ ही, यह शुरुआत पर्यटन और स्थानीय विकास को भी नई दिशा देगी.

 

65
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *