गया। अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, गया के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा बुधवार को एन एस एस स्थापना दिवस समारोह का आयोजन स्वामी विवेकानंद सभागार में किया गया है।इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को विकसित करना था।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ है। इसके पश्चात एन एस एस स्वयंसेवकों द्वारा एन एस एस गीत, एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं हैं।
एन एस एस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राकेश राय ने स्वागत भाषण में एन एस एस की स्थापना के उद्देश्यों तथा महाविद्यालय की एन एस एस इकाई द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला है।
इस अवसर पर दर्शनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. श्वेता सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता, सह-अस्तित्व एवं सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग के डॉ. रविन्द्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को रचनात्मक दिशा देने में एन एस एस की महत्वपूर्ण भूमिका है।
गया कॉलेज, गया के एन एस एस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि एन एस एस विद्यार्थियों को समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक समरसता जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया है।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नाज़िर अख्तर ने एन एस एस स्वयंसेवकों की गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एन एस एस विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से अनुशासन, ईमानदारी एवं सेवा-भाव को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा आकर्षण का केंद्र
राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया है ।ऋचा कुमारी, अंजनी सिंह एवं वंदना कुमारी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों की खूब सराहना प्राप्त की है। वहीं देमंती कुमारी, मनीषा कुमारी एवं पूजा कुमारी ने मधुर गीत प्रस्तुति देकर समारोह को सांस्कृतिक रंग से भर दिया है।
इस कार्यक्रम में सोनाली, शीतल, राजू, खुशी, अनुष्का एवं आकाश रंजन को भी राष्ट्रीय सेवा योजना में अपनी सक्रिय सहभागिता एवं योगदान के लिए उपहार देकर सम्मानित किया गया है। अतिथियों एवं महाविद्यालय के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना की है।
इसके अतिरिक्त विभिन्न एन एस एस गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले एन एस एस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया है। सम्मान समारोह के दौरान स्वयंसेवकों के सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना की गई तथा उन्हें भविष्य में भी समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया है।
इस कार्यक्रम के अंत में डॉ. मोहन सिंह, मनोविज्ञान विभाग, ए.एम. कॉलेज ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, प्राचार्य, शिक्षकों, एन एस एस पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया गया है।
इस कार्यक्रम का संचालन आचार्य (डॉ.) उमाशंकर सिंह ने किया। समारोह में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी, एन एस एस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे हैं।
40