अशोक वर्मा
मोतिहारी : गांधी संग्रहालय, मोतिहारी में एक ऐतिहासिक पहल के तहत नवगठित प्रबंधन समिति की पहली बैठक संग्रहालय के सभा कक्ष में सम्पन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं गांधी संग्रहालय के अध्यक्ष सौरभ जोरवाल ने की। बैठक में पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा सांसद श्री राधा मोहन सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।इस अवसर पर जिलाधिकारी जोरवाल ने नवगठित समिति की सूची सार्वजनिक की। समिति में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित एवं अनुभवी लोगों को शामिल किया गया है। वरिष्ठ पत्रकार चंद्रभूषण पाण्डेय और प्रकाश अस्थाना को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सचिव पद पर विनय कुमार सिंह और उप सचिव के रूप में विनोद कुशवाहा को मनोनीत किया गया है। जिला सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कार्यसमिति सदस्यों में डॉ. अतुल कुमार, डॉ. लालबाबू प्रसाद, मोहिब्बुल हक, मीना मिश्रा और सुरेंद्र पाण्डेय को शामिल किया गया है वही संग्रहालय समिति के विशेष आमंत्रित स्थायी सदस्यों में दीपक पटेल, शंभू शरण सिंह, विजय राम और सुशील कुमार के नाम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पूर्वी चंपारण जिले के सभी सांसद, विधान परिषद सदस्य, विधायक, नगर निगम के महापौर व उप महापौर तथा जिला परिषद अध्यक्ष को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। नगर निगम की पार्षद रीता देवी को पदेन स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
बैठक की शुरुआत महात्मा गांधी और कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात सांसद श्री राधा मोहन सिंह ने नवगठित समिति के सभी सदस्यों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों से संग्रहालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया वही सांसद विकास निधि से ₹50 लाख देने की घोषणा की। बैठक में सांसद राधा मोहन सिंह ने संग्रहालय के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि गांधी संग्रहालय सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि इतिहास का जीता-जागता प्रतीक है। इस स्थल का गौरव बनाए रखने और इसे और अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
