प्रशांत किशोर पर आम आदमी पार्टी का पोस्टर वार, हिमांशु पटेल बोले— ‘बिहार को ठगने वाला नेता’

Live News 24x7
2 Min Read
पटना: आम आदमी पार्टी (AAP) बिहार के युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हिमांशु पटेल ने चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पोस्टर वार के माध्यम से प्रशांत किशोर को ‘बिहार को ठगने वाला नेता’ करार दिया। पटना में जारी एक बयान में हिमांशु पटेल ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर केवल चुनावी गिमिक्स के सहारे राजनीति कर रहे हैं और जनता को गुमराह कर रहे हैं।
हिमांशु पटेल ने पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज एक भी सीट नहीं जीत पाई। उन्होंने सवाल उठाया कि जो नेता पटना विश्वविद्यालय में अपने समर्थकों को जीत नहीं दिला सका, वह पूरे बिहार में राजनीतिक परिवर्तन लाने की बात कर रहा है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों से प्रशांत किशोर 25,000 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के तौर पर वसूल रहे हैं। इतना ही नहीं, हर विधानसभा क्षेत्र में 10-20 लोगों से जबरन रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है, जिससे उनकी रणनीति और नीयत पर सवाल उठ रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के युवा नेता ने कहा कि बिहार की जनता अब इन चुनावी नौटंकियों को समझ चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे नेताओं के बहकावे में न आएं, जो सिर्फ पैसे और पब्लिसिटी के दम पर राजनीति करने आए हैं। हिमांशु पटेल ने प्रशांत किशोर से यह भी सवाल किया कि अगर वे सच में बिहार के विकास के लिए गंभीर हैं, तो पहले अपनी राजनीतिक साख को साबित करें और जनता के बीच विश्वास जीतें।
AAP बिहार का यह पोस्टर वार राज्य की राजनीति में हलचल मचा सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रशांत किशोर इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
208
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *