बिहार विद्या साथी ऐप पर 24 घंटे एक्सपर्ट शिक्षक उपलब्ध रहेंगे, विद्यार्थी करा सकेंगे अपने डाउट्स का समाधान – जिलाधिकारी
बिहार। सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बिहार के द्वारा आज बिहार विद्या साथी ऐप का शुभारंभ किया गया। यह ऐप छात्रों के लिए अत्यंत ही महत्वपूर्ण साबित होगा। इस ऐप पर 24 घंटे एक्सपर्ट शिक्षक उपलब्ध रहेंगे जिनसे छात्र अपनी समस्या या प्रश्नों का समाधान करा सकेंगे।
पटना में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री के द्वारा इस ऐप का शुभारंभ किया गया जिसका लाइव टेलीकास्ट पूरे बिहार में कराया गया। पूर्वी चंपारण जिला में इसके लिए समाहरणालय मोतिहारी के एनआईसी में व्यवस्था कराई गई थी साथ ही साथ जिला के सभी 33 मॉडल स्कूल में इसके लिए व्यवस्थाएं कराई गई थी।
एनआईसी मोतीहारी में जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राजन गिरी एवं सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के लिए चयनित जिला स्कूल मोतिहारी के 09 वीं और 10 वीं वर्ग के छात्र उपस्थित थे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बताया गया कि विद्या साथी ऐप के माध्यम से बिहार के 700 से अधिक मॉडल स्कूल के लगभग 3 लाख से अधिक बच्चे लाभान्वित होंगे। मॉडल स्कूल के नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं और 12वीं क्लास के बच्चे इस ऐप के माध्यम से अपना शंका समाधान, विषय अध्ययन अथवा समस्या निराकरण के लिए विद्यालय के लॉगिंग पर लॉगिंग करने पर एक ओटीपी आएगा उसके पश्चात छात्र सीधे संबंधित शिक्षक से जुड़ेंगे और अपने प्रश्नों को रखेंगे। छात्रों के प्रश्नों का सही हाल शिक्षक के द्वारा बताया जाएगा। यह व्यवस्था 24 घंटे संचालित होगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्वी चंपारण जिला में 33 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) संचालित हो रहे हैं। बीएसईबी पटना द्वारा विकसित मोबाइल ऐप VidyaSathi के माध्यम से 24* 7 विद्यार्थी, शिक्षकों से अध्ययन कर सकते हैं और अपनी समस्या / प्रश्नों का हाल प्राप्त कर सकते हैं। इस ऐप के माध्यम से नवी एवं दसवीं क्लास के बच्चे सभी विषय एवं 11वीं तथा 12वीं क्लास के बच्चे विज्ञान विषय के प्रश्नों को हल करा सकते हैं। इस ऐप के आ जाने से विद्यार्थियों को विभिन्न तरह के प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी में काफी सहूलियत होगी और उन्हें योग्य शिक्षकों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से ही बच्चों से इंटरेक्ट करेंगे। विद्यार्थियों के लिए यह सुनहरा अवसर है। विद्यार्थी इसका पूरा-पूरा लाभ उठाएं। जिलाधिकारी के द्वारा इस अवसर पर मॉडल स्कूल में पढ़ने वाले सभी बच्चों को शुभकामना दी गई एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। उन्होंने बताया कि अभी यह व्यवस्था मॉडल स्कूल के बच्चों के लिए प्रारंभ किया जा रहा है जिसका धीरे-धीरे विस्तार किया जाएगा।
15