- एम. एस. काॅलेज ऑडिटोरियम में होगा विशेष सम्मान समारोह
- विशेष सम्मान समारोह में शिक्षा, कला, साहित्य-संस्कृति एवं समाजसेवा के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान देने वाली सात महान विभूतियाॅ भी होंगी सम्मानित
अशोक वर्मा
मोतिहारी : भारत की महामहिम राष्ट्रपति के करकमलो सम्मानोपरांत देश की अमूल्य कला- धरोहर चंपारण की बेटी डाॅ. नीतू कुमारी नूतन का अभिनंदन सह विशेष सम्मान समारोह का आयोजन आगामी 06 जुलाई को शहर के मुंशी सिंह काॅलेज स्थित ऑडिटोरियम में भव्यता के साथ संपन्न होगा। प्रो .( डाॅ.) वीरेन्द्र नाथ पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट, मोतिहारी के तत्त्वावधान में आयोजित इस समारोह में डाॅ.नूतन के अभिनंदन के साथ शिक्षा, कला, साहित्य- संस्कृति एवं समाजसेवा के क्षेत्र में अतिविशिष्ट उपलब्धियों एवं अप्रतिम योगदान देने वाली सात महान विभूतियों को विशेष सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। आयोजन समिति की अध्यक्ष डाॅ. चन्द्रलता झा ने उक्त आशय की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि समारोह के संयोजक का प्रसिद्ध संस्कृतिकर्मी एवं समाजसेवी अनिल कुमार वर्मा है,। अतिथियों का स्वागत डाॅ. अतुल कुमार करेंगे। वहीं समारोह का संचालन मुंशी सिंह काॅलेज के विद्वान प्राचार्य प्रो.( डाॅ.) अरुण कुमार करेंगे
डाॅ. चन्द्रलता ने बताया कि केन्द्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड, भारत सरकार की सदस्य, कल्चरल एकेडेमिशियन व चंपारण की बेटी डॉ. नीतू कुमारी नूतन ने कला के क्षेत्र में निरंतर नित्य नये कीर्तिमान स्थापित किए हैं। डाॅ.नूतन को भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू के करकमलों विगत माह कला के क्षेत्र में उनके महती योगदान व अतिविशिष्ट उपलब्धियों के लिए कला अवार्ड से नवाजा गया। वहीं बिहार की पारंपरिक लोक- कलाओं का देश-विदेश में प्रदर्शन कर अपनी कलात्मक समृद्धि की खुशबू दुनियाभर में बिखेर कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से अनेकानेक सम्मान ग्रहण कर उन्होंने बिहार व चंपारण को गौरवान्वित किया है। डाॅ. चन्द्रलता ने कहा कि डाॅ. नूतन ने विगत माह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष रामेश्वरम में अपने भजनों की प्रस्तुति से तथा भारत के संसद भवन स्थित ऑडिटोरियम में अपने सुमधुर गायिकी से भारतीय कला- संस्कृति को अपार ख्याति दिलाई। उन्होंने बताया कि कला – विदुषी डाॅ.नूतन की इन महान उपलब्धियों के बाबत उनके अभिनंदन का सर्वसम्मत निर्णय चंपारण के लिए गौरव का क्षण है।
डाॅ. चंद्रलता ने बताया कि विशेष सम्मान समारोह के अंतर्गत शिक्षा, कला- साहित्य-संस्कृति व समाजसेवा के क्षेत्र में अतिविशिष्ट उपलब्धियों व महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित होने वालो में प्रो.( डाॅ.) संजय कुमार यादव, बेतिया, पश्चिम चंपारण ( शिक्षा, साहित्य- संस्कृति), विमल कुमार परिमल , सीतामढ़ी (साहित्य – लेखन ), मदन प्रसाद, (चाक्षुष कला) अशोक कुमार वर्मा , ( शब्द लेखन- चिंतन), दिलीप कुमार सिंह, ( सामाजिक विकास व समाजसेवा ) जैसी विभूतियाॅ शामिल हैं, जबकि पंडित नरहरि पाठक, (शास्त्रीय गायन ) एवं शारदानंद प्रसाद ( शास्त्रीय संगीत) को उनके महान उपलब्धियों एवं अप्रतिम योगदान के लिए मरणोपरांत सम्मान से अलंकृत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वेद विधालय के वैदिक छात्रों के मंगलाचरण से समारोह का विधिवत आगाज होगा। वहीं समारोह में विशिष्ट अतिथियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सुप्रतिष्ठ हस्तियों से संपर्क किया जा रहा है।
आयोजन समिति अध्यक्ष डाॅ. चंद्रलता ने कहा कि महान शिक्षाविद, ख्यातिलब्ध पत्रकार, सांस्कृतिक महोत्सवों के पुरोधा व पूर्व कुलपति प्रो. ( डाॅ.) वीरेन्द्र नाथ पाण्डेय की स्मृतियों को जीवंतता प्रदान करने हेतु गठित प्रो. ( डाॅ.) वीरेंद्र नाथ पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट, मोतिहारी के तत्त्वावधान में प्रति वर्ष सांस्कृतिक व साहित्यिक आयोजन किए जा रहे हैं। जिसमें विगत वर्ष काव्य- गोष्ठी व सांस्कृतिक आयोजन के साथ शिक्षा, कला, साहित्य- संस्कृति के क्षेत्र में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाली महान विभूतियों को उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें सम्मान से अलंकृत किए जाने की नई परंपरा की शुरुआत की गई है।
219
