मोतिहारी। घोड़ासहन थाना क्षेत्र के पुरनहिया मोड़ के पास पुलिस ने छापेमारी कर लूट व चोरी के आभूषण के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से करीब 53 ग्राम सोने जैसी धातु के आभूषण और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर को सूचना मिली थी कि पुरनहिया मोड़ के पास अवैध रूप से सोने के आभूषणों की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के आधार पर सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस को देखते ही दो व्यक्ति मौके से भागने लगे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के गोबरी गांव निवासी शेख सोबराती और दरपा थाना क्षेत्र के गम्हरिया कला निवासी शैलेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के पास से सोने जैसी धातु के 12 ढोलना, दो मंगलसूत्र, 10 मारवाड़ी नथ, 27 नोज पिन, आठ कान के झुमके, दो जितिया और दो घुरघुरा समेत तीन मोबाइल बरामद किए हैं।
इस संबंध में घोड़ासहन थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद आभूषणों के वास्तविक स्वरूप और उनके लूट अथवा चोरी से जुड़े होने की भी जांच कर रही है।
छापेमारी दल में सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार, घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार उपाध्याय तथा सिपाही नीतीश कुमार और पंकज कुमार शामिल थे।
28