भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय को गोली लगी, पटना के अस्पताल में भर्ती

2 Min Read

बिहार के सारण जिले में स्टेज शो के दौरान फायरिंग में भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय को गोली लग गई। गोली उनकी जांघ में लगी है। निशा को पटना के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वह खतरे से बाहर हैं। इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

छपरा के जनता बाजार थाना क्षेत्र के सेंदुवार गांव निवासी अनिल सिंह के घर में यगोपवित संस्कार का कार्यक्रम था। यहां मंगलवार रात भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय को बुलाया गया था।

निशा उपाध्याय जैसे ही स्टेज पर आईं, वैसे ही हर्ष फायरिंग शुरू हो गई। गाने के दौरान अचानक वह पैर सहलाने लगीं। पहले लोगों को कुछ समझ में नहीं आया। फिर उन्होंने बताया कि गोली लग गई है। स्टेज से फायरिंग नहीं करने की अपील की जाने लगी। मंच संचालक ने कहा कि निशा जी को गोली लग गई है। इसके बाद हड़कंप मच गया। उन्हें आनन-फानन में पटना लाया गया।

निशा उपाध्याय मूल रूप से सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र स्थित गौहर बसंत गांव की रहने वाली हैं। इन दिनों वह पटना में रहती हैं।

निशा उपाध्याय ने काफी कम दिनों में ही भोजपुरी इंडस्ट्री में अपनी एक नई पहचान बनाई है। उन पर कोरोना काल में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भीड़ जुटाने और कोरोना प्रोटोकॉल तोड़ने को लेकर एफआईआर हुई थी। सारण के एकमा में निशा उपाध्याय की गाड़ी से एक युवक की टक्कर लगने से मौत हो गई थी।

प्रभारी थानाध्यक्ष नाशीरुद्दीन खान ने बताया कि थाना क्षेत्र के सेंदुवार गांव के घुसिया टोला में भोजपुरी गायिका को गोली लगी है। अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। हम लोग मामले में जानकारी जुटा रहे हैं। किसी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं दी है।

44
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *