गयाजी को मिलेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें, 31 स्थानों पर आधुनिक बस स्टैंड एवं चालकों के निबंधन हेतु माह के अंत तक प्रारंभ होगा ऑनलाइन पोर्टल : डॉ. प्रेम कुमार 

Live News 24x7
5 Min Read
गया जी। आज बिहार विधान सभा के  अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में बिहार विधान सभा परिसर में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन के अधिष्ठापन, गयाजी में इलेक्ट्रिक बस सेवा एवं पिंक बसों के संचालन, राज्य के 31 स्थानों पर पीपीपी (PPP) मोड के तहत अत्याधुनिक बस स्टैंड के निर्माण, वाहन चालकों के निबंधन एवं कल्याण तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया है।
इस बैठक में  अध्यक्ष ने बिहार विधान सभा परिसर में ईवी चार्जिंग स्टेशन के अधिष्ठापन कार्य की समीक्षा करते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया है। विभागीय अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि पीएम ई-बस योजना के अंतर्गत बिहार के छह क्षेत्रीय कार्यालयों के लिए कुल 400 बसें आवंटित की गई हैं, जिनमें पटना के लिए 150 तथा गयाजी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर एवं पूर्णिया के लिए 50-50 बसें निर्धारित हैं। इसके तहत गयाजी को 50 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि वर्तमान में पटना में 52 पीएम ई-बसों का संचालन हो रहा है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि गयाजी सहित बिहार के 31 स्थानों पर सार्वजनिक-निजी भागीदारी  के आधार पर अत्याधुनिक बस स्टैंड विकसित किए जाएंगे, जहां यात्रियों के लिए पेयजल, प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था एवं सीसीटीवी निगरानी जैसी जनसुविधाएं उपलब्ध होंगी।  अध्यक्ष ने गयाजी में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बहुमंजिला बस स्टैंड के भूतल पर पार्किंग, प्रथम एवं द्वितीय तल पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा तीसरे से सातवें तल तक होटल एवं मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल विकसित करने की योजना की प्रगति की समीक्षा की है।
 अध्यक्ष ने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रखंड स्तर पर भी यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय, यात्री शेड, संपर्क सड़क, प्रकाश व्यवस्था एवं हरियाली जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुविधा, टिकटिंग और बसों की लाइव ट्रैकिंग के लिए जल्द ही ‘व्हेयर इज माय बस’ (Where is My Bus) मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा, जिससे आवागमन की समस्त जानकारियां एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध हो सकेंगी।
इस बैठक में जानकारी दी गई कि त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा (गुरुग्राम) एवं पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के लिए अंतरराज्यीय विशेष बसों का संचालन किया जा रहा है। दीपावली के अवसर पर 5 से 20 नवंबर तक संचालित विशेष बस सेवा में निर्धारित 1,800 रुपये के किराये पर एक-तिहाई अनुदान देकर यात्रियों के लिए 1,200 रुपये किराये का प्रावधान किया गया है तथा होली के अवसर पर भी ऐसी ही किराया-रियायत उपलब्ध कराने की योजना है।
वाहन चालकों के कल्याण के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों के चालकों के निबंधन एवं उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु इसी माह के अंत तक एक ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ किया जाएगा। बिहार गजट (असाधारण), दिनांक 14 अक्टूबर, 2024 में प्रकाशित ‘मुख्यमंत्री वाहन चालक कल्याण योजना, 2024’ के अंतर्गत चालकों एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर, जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा, भारी वाहन चालकों का प्रशिक्षण, पुनश्चर्या प्रशिक्षण सरकारी चालकों हेतु दो दिवसीय तथा निजी चालकों हेतु एक दिवसीय एवं जागरूकता कार्यक्रमों का प्रावधान है, जिस पर प्रथम वर्ष में 34.08 करोड़ रुपये तथा पांच वर्षों में कुल 90.40 करोड़ रुपये के संभावित व्यय का प्रावधान अंकित है।
इस अवसर पर  अध्यक्ष ने गयाजी रेलवे स्टेशन से श्री विष्णुपद मंदिर तक महिलाओं के लिए विशेष रूप से संचालित पिंक बस सेवा को और अधिक सुगम बनाने पर बल दिया तथा परिवहन विभाग के नवाचारों एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवस्था के आधुनिकीकरण के साथ-साथ यात्री सुविधा, वाहन चालकों का सम्मान व सामाजिक सुरक्षा तथा पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को समान प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
इस बैठक में परिवहन विभाग की ओएसडी  अरुणा कुमारी, बीएसआरटीसी के रीजनल मैनेजर श अरविंद कुमार सिंह, वाहन एसोसिएशन ऑफ बिहार के प्रदेश अध्यक्ष  उपेंद्र राय, संरक्षक  मनोज कुमार सहित विभागीय पदाधिकारीगण तथा सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे हैं।
26
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *