- चारों ओर भक्ति के रंग में सराबोर हुआ नगर निगम गया जी वार्ड, छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल .
गया जी।गया शहर में लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है. महापर्व के पहले दिन प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं बाजारों में छठ पूजा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. सुबह से ही व्रतियों ने स्नान कर घरों की साफ-सफाई की तथा पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ छठ व्रत का संकल्प लिया है. नहाय-खाय के अवसर पर व्रतियों ने अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद ग्रहण कर महापर्व की शुरुआत की है.छठ महापर्व को लेकर गया शहर के हर वार्ड में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं. वहीं बाजारों में भी पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है. लोग सूप, दउरा, नारियल, फल, ईख, अदरक, हल्दी सहित अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हुए हैं.चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती खरना का प्रसाद तैयार करेंगे. खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा. रविवार को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही महापर्व का समापन होगा.
छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. वहीं विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, सजावट और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है.पूरा प्रखंड क्षेत्र छठी मैया की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है.
36