कैमूर में मरीज ढोने वाली एंबुलेंस से शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, गुप्त तहखाने से 153.750 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

Live News 24x7
2 Min Read
कैमूर (भभुआ): मरीजों की जान बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली एंबुलेंस को शराब तस्करी का जरिया बना दिया गया। बाहर से देखने पर यह एक सामान्य एंबुलेंस नजर आ रही थी, लेकिन इसके अंदर शराब तस्करी का पूरा इंतजाम किया गया था। एंबुलेंस के ऊपरी और निचले हिस्से में विशेष गुप्त तहखाना बनाकर विदेशी शराब छिपाई गई थी। कैमूर में उत्पाद विभाग की सतर्कता से शराब तस्करों की इस चालाकी का पर्दाफाश हो गया। कार्रवाई के दौरान एंबुलेंस से 153.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जबकि मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली से एक एंबुलेंस के माध्यम से विदेशी शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने NH-19 स्थित उत्पाद चेकपोस्ट पर जांच अभियान तेज कर दिया। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की तरफ से आ रही एक संदिग्ध एंबुलेंस को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान एंबुलेंस के ऊपरी और निचले हिस्से में बनाए गए विशेष गुप्त तहखाने सामने आए। जब इनकी जांच की गई तो अंदर अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। उत्पाद विभाग की टीम ने कुल 153.750 लीटर विदेशी शराब जब्त कर ली।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के अशोक कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है। अशोक कुमार एंबुलेंस चालक बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों दिल्ली से शराब की खेप लेकर मुजफ्फरपुर जा रहे थे।
पूरे मामले की जानकारी उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर प्रभाकर चौधरी ने दी। फिलहाल उत्पाद विभाग दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि शराब तस्कर पुलिस और उत्पाद विभाग की जांच से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन कैमूर में उत्पाद विभाग की सतर्कता ने उनकी इस कोशिश को नाकाम कर दिया।
26
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *