- अर्श सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (गया) के सहयोग से ‘सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’—एक समर्पित स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर का आयोजन
बोध गया। आईआईएम बोध गया अपने छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी और एक अच्छे नेतृत्व की भावना विकसित करने पर विशेष ध्यान देता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए और देश के स्वच्छ भारत मिशन के समर्थन में,आईआईएम बोध गया ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा” (स्वच्छता पखवाड़ा) अभियान का आयोजन किया है। इस अभियान का नेतृत्व आईआईएम बोध गया की निदेशक प्रो. विनिता सहाय ने किया है। इस अभियान का उद्देश्य केवल परिसर को स्वच्छ रखना ही नहीं, बल्कि छात्रों और पूरे संस्थान के बीच स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी था।
स्टूडेंट अफेयर्स कमेटी ने छात्र संगठनों तरंग और समत्वम् के सहयोग से इस दो सप्ताह के अभियान का समन्वय किया है। अभियान के दौरान परिसर में कई स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें छात्रों, कर्मचारियों और संस्थान के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। इस पहल के माध्यम से आईआईएम बोध गया ने स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे रोजमर्रा की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया है।
इस अभियान की शुरुआत शैक्षणिक व्याख्यान कक्षों में आयोजित स्वच्छता शपथ समारोह के साथ हुई। संस्थान के सभी फैकल्टी मेंबर्स, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने प्रतिवर्ष 100 घंटे स्वेच्छा से स्वच्छता कार्य में योगदान देने और अपने आसपास स्वच्छता को बढ़ावा देने की सामूहिक शपथ ली। सामुदायिक कल्याण और कार्यस्थल पर गरिमा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, आईआईएम बोध गया ने अर्श सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (गया) के सहयोग से ‘सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’—एक समर्पित स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर में संस्थान के हाउसकीपिंग, सुरक्षा और प्रशासनिक कर्मचारियों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, वाइटल्स मॉनिटरिंग और दंत परामर्श प्रदान किया गया है।
इसके साथ ही, परिसर की दैनिक देखरेख करने वाले कर्मचारियों के सहयोग हेतु कार्यस्थल सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता और निवारक स्वास्थ्य देखभाल पर जागरूक करने के लिए इंटरएक्टिव सत्र भी आयोजित किए गए हैं। विद्यार्थियों में उत्साह जगाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता सह संगीतमय (जैमिंग) सत्र का आयोजन किया गया। इसमें संस्थान के सभी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने एक साथ आकर संगीत के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और परिसर की देखरेख के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
इस स्वच्छता अभियान का समापन एक व्यापक और पूरे परिसर में सफाई अभियान के साथ हुआ है। संस्थान के हर हिस्से की सुचारू सफाई सुनिश्चित करने के लिए पूरे कैंपस को 8 प्रमुख स्वच्छता क्षेत्रों में विभाजित किया गया था। इस अवसर पर संस्थान की निदेशिका प्रो. विनीता सहाय, फैकल्टी मेंबर्स, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने एक साथ मिलकर परिसर में सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया है।
निदेशिका प्रो. विनीता सहाय ने स्वयं मैदान पर उतरकर विद्यार्थियों के साथ सफाई कार्य में भाग लिया है। फैकल्टी मेंबर्स ने विभिन्न टीमों का नेतृत्व और मार्गदर्शन किया, वहीं विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ परिसर के अलग-अलग हिस्सों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दिया है।
यह आयोजन केवल एक दिन की सफाई तक सीमित नहीं रहा, कार्यक्रम के अंत में संस्थान के नेतृत्व और विद्यार्थियों के बीच परिसर को निरंतर स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने के व्यावहारिक उपायों पर एक सार्थक चर्चा भी संपन्न हुई है।
18