मोतिहारी नगर निगम के वार्ड संख्या 26 में जर्जर सड़क, जलजमाव और नाला निर्माण में हो रही देरी से परेशान स्थानीय लोगों ने रविवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सड़क एवं नाला निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने 60 दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने का आदेश दिया था, लेकिन करीब 85 दिन बीत जाने के बाद भी काम शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों ने वर्ष 2021-22 की करीब 33 लाख रुपये की सड़क योजना की गुणवत्ता, भुगतान, एमबी बुक और मटेरियल टेस्ट रिपोर्ट की जांच कराने तथा संबंधित अभिलेख सार्वजनिक करने की मांग की। लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण पूरे इलाके की स्थिति नारकीय हो गई है। घरों के आगे और पीछे पानी जमा रहने से आवागमन प्रभावित है और लोगों को रोजमर्रा के काम के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
27