मोतिहारी। पूर्वी चंपारण संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव-2026 का शुक्रवार को खेल भवन के इनडोर हॉल में भव्य शुभारंभ हुआ। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने तलवारबाजी (फेंसिंग) प्रतियोगिता के साथ महोत्सव का उद्घाटन किया।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद सांसद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिले के खिलाड़ी तलवारबाजी में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और ओलंपिक की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
महोत्सव में तलवारबाजी, कबड्डी, एथलेटिक्स, कैरम, शतरंज, वुशु, जूडो, थांग-ता, साइकिलिंग, कुश्ती, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस और भारोत्तोलन समेत 13 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता का आयोजन 11 अक्टूबर 2026 तक होगा।
मौके पर उपमेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, जिला खेल पदाधिकारी विकास कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) ब्रजेश कुमार, पार्षद प्रतिनिधि रोचक झा, कार्यक्रम संयोजक भानु प्रकाश समेत कई खेल विशेषज्ञ, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
39