मझौलिया। प्रखंड क्षेत्र की सेनुवरिया पंचायत के वार्ड नंबर-12 स्थित महादलित बस्ती में गुरुवार को संत रविदास की 650वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने संत रविदास के चित्र पर पुष्प एवं माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत बनाए गए कचरा संग्रहालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में समानता, भाईचारा और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। महादलित बस्ती में आयोजित कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार, अंचलाधिकारी डोली कुमारी, सेनुवरिया पंचायत की मुखिया ज्योति श्रीवास्तव, सरपंच नरेश पटेल, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अशोक पटेल स्वच्छता पर्यवेक्षक अखिलेश पटेल रीमा कुर्मी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह के दौरान लोगों ने संत रविदास के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
47