भभुआ/मोहनिया, कैमूर। कैमूर जिले में आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने मंगलवार को मोहनिया क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमेठ पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर, सरस्वती सेवा निकेतन बरहुली मॉडल स्कूल तथा अनुमंडलीय अस्पताल, मोहनिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण और समयबद्ध निर्देश दिए गए।
सबसे पहले जिला पदाधिकारी अमेठ पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर पहुंचे। यहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कैंपों और आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की गई। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की शिकायतों और आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पंचायत में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए पंचायत सचिव को आवश्यक कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार करने और उसके अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के आधार पर पंचायत के तीन लोगों का श्रम कार्ड भी बनवाया गया।
निरीक्षण के दौरान पंचायत के लगभग छह से सात वार्डों में नल-जल व्यवस्था से संबंधित शिकायत सामने आई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने पीएचईडी के जेई और एई को निर्देश दिया कि जिन नल-जल योजनाओं की मरम्मत संभव है, उन्हें अगले 15 दिनों के भीतर ठीक कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल करना सुनिश्चित किया जाए। डीएम के इस निर्देश से लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
विद्यालय परिसर से जुड़ी समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। स्कूल के किचेन के जीर्णोद्धार के लिए प्रधानाध्यापक को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं विद्यालय के एप्रोच रोड की समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा योजना के माध्यम से कार्य कराने की जानकारी दी गई। विद्यालय की चारदीवारी और परिसर के विकास को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
डीएम ने पीओ मनरेगा को विद्यालय परिसर में तत्काल वृक्षारोपण कराने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय और खेल मैदान में वृक्षारोपण, घेराव और नेट फेंसिंग जैसी व्यवस्थाएं विकसित करने के लिए योजना तैयार कर कार्रवाई करने को कहा गया।
अमेठ पंचायत स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की भी समीक्षा की गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि केंद्र के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो चुका है और अगले माह तक इसे कार्यशील करने का लक्ष्य है। जिला पदाधिकारी ने निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करते हुए स्वास्थ्य केंद्र को जल्द से जल्द चालू कराने का निर्देश दिया।
सहयोग शिविर में मोहनिया विधायक श्रीमती संगीता कुमारी भी मौजूद रहीं। उन्होंने क्षेत्र के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने सरस्वती सेवा निकेतन, बरहुली मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और खेल गतिविधियों की समीक्षा की। शिक्षकों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण कक्षा संचालन पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के अंतिम चरण में डीएम ने अनुमंडलीय अस्पताल, मोहनिया पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, जांच व्यवस्था तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी आदेशों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
20