रक्सौल। स्थानीय रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन (ECREU) के नेतृत्व में रेलकर्मियों ने NPS और UPS के विरोध में ब्लैक डे मनाया। कार्यक्रम NMOPS के आह्वान के समर्थन में आयोजित किया गया।
यूनियन के केंद्रीय (जोनल) संयुक्त महासचिव रत्नेश वर्मा के नेतृत्व में विभिन्न विभागों में जाकर रेलकर्मियों को काला बैज लगाया गया। इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी भी की गई।
रत्नेश वर्मा ने कहा कि NPS और UPS कर्मचारी हित में नहीं हैं। रेलकर्मियों समेत देश के सभी सरकारी कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों के लिए एक समान पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेंशन, वेतन, भत्ता और बोनस कर्मचारियों का अधिकार है।
उन्होंने बताया कि ECREU की ओर से पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण एवं निगमीकरण रोकने और नई श्रम नीतियों के विरोध समेत कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन किया जा रहा है।
वर्मा ने रेलकर्मियों से 25 सितंबर को लखनऊ में NMOPS के नेतृत्व में प्रस्तावित विशाल रैली में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगे भी संगठन के बैनर तले निर्णायक आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में रामानंद कुमार, जैकी कुमार, अंगद राम, रफीक आलम, सुरेश यादव, सोनू कुमार, अजीत कुमार, सित्तू कुमार, राकेश कुमार, राहुल कुमार, कृष्णा कुमार, शिवम कुमार, धर्मनाथ कुमार, संजय कुमार, ओम शंकर, शाकिर हुसैन, कृष्ण कुमार यादव, उमेश कुमार राय, धनंजय कुमार समेत विभिन्न विभागों के रेलकर्मी शामिल हुए।
यूनियन ने NPS/UPS समाप्त कर OPS लागू करने, रिक्त पदों पर बहाली, आउटसोर्सिंग पर रोक, समान काम के लिए समान वेतन, आठवें वेतन आयोग में कर्मचारियों के हित में वेतन निर्धारण, आठ घंटे की ड्यूटी व्यवस्था, कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, चिकित्सा एवं आवास सुविधाओं में सुधार, पारदर्शी स्थानांतरण नीति और लंबित स्थानांतरण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन समेत 41 सूत्री मांगों के समाधान की मांग की है।
14