दिल को दहला देने वाली यह खबर उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की है जहंा नौतनवा कस्बे के गांधीनगर मोहल्ले में रविवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस और एसएसबी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाजीपुर निवासी अमरेश कुमार अपनी पत्नी बंदना और दो बच्चों के साथ महराजगंज के नौतनवा कस्बे के गांधीनगर में किराए के मकान में रहता था। उसकी पत्नी बंदना एसएसबी में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत है।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह बंदना ड्यूटी पर चली गई थी। इसी दौरान घर में अकेले रहे अमरेश कुमार ने अपनी साढ़े तीन वर्षीय बेटी कंचन को खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर मार डाला। इसके बाद अपने ढाई वर्षीय बेटे अमरेंद्र कुमार का गला दबाकर उसकी भी हत्या कर दी।
सूत्रों के अनुसार बच्चों की हत्या करने के बाद अमरेश ने पहले अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पत्नी घबराकर घर की ओर रवाना हुई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही अमरेश ने कमरे में छत की कुंडी से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले अमरेश कुमार ने घर की दीवार पर कुछ बातें लिखी थीं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी इस संबंध में कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकला है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
वही घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर एडिशनल एसपी सिद्धार्थ, तहसीलदार कर्ण सिंह, सीओ अंकुर गौतम और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम राव समेत पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौजूद रहे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों का संकलन किया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में एडिशनल एसपी सिद्धार्थ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फोरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
134
